नई दिल्ली:– महाराष्ट्र में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मुख्यालय का दौरा किया। उनके दौरे के दौरान राजनीति में कई तरह की बाते सामने आने लगी क्योंकि प्रधानमंत्री के तौर पर ये पहली बार हुआ था कि नरेंद्र मोदी ने आरएसएस मुख्यालय का दौरा किया था। इस दौरे पर संजय राउत ने अपनी टिप्पणी की है, जहां उन्होंने पीएम मोदी के रिटायरमेंट की बात छेड़ दी है।
मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने कहा, “पीएम मोदी अपने रिटायरमेंट की घोषणा करने के लिए आरएसएस कार्यालय (पीएम मोदी की नागपुर यात्रा) गए थे। मेरी जानकारी के अनुसार, उन्होंने 10-11 सालों में कभी भी आरएसएस मुख्यालय का दौरा नहीं किया है।”
भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनना चाहता है आरएसएस
आरएसएस की विचारधारा में बदलाव आ रहा है। इसका खुलासा करते हुए संजय राउत ने आगे कहा, “मोदी जी भागवत जी को बताने गए है कि वे जा रहे है। संघ संचालक मोहन भागवत और पूरा संघ परिवार आरएसएस नेतृत्व में बदलाव चाहता है। पीएम मोदी अब जा रहे हैं। संघ अपनी मर्जी से भाजपा का अध्यक्ष चुनना चाहता है।”
इससे पहले भी संजय राउत ने इस पर बात की थी। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष के चयन के बारे में बताते हुए संजय राउत ने कहा था कि अब तक भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चयन हो जाना चाहिए था। लेकिन संघ चाहता है कि उनके पसंद का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाना चाहिए इसलिए ये मुद्दा अभी रूक गया है। महाराष्ट्र में सरकार की जीत में संघ का भी बड़ा हाथ रहा है।
बिहार चुनाव में होगी मदद
बीते दिन संजय राउत ने पीएम नरेंद्र मोदी के संघ दौरे को बिहार चुनाव से भी जोड़ा था। संजय राउत ने कहा था आज मोदी जी संघ मुख्यालय गए है। ये अच्छी बात है, वे दस साल से नहीं गए है। पीएम बनकर दस साल हो गए लेकिन मोदी जी ने संघ से दूरी रखी दोनों के बीच में दीवार थी। अब लोकसभा में संघ के कार्यकर्ता सक्रिय नहीं है लेकिन महाराष्ट्र में है। इसलिए मोदी जी आरएसएस प्रमुख से मिलने गए होगे। महाराष्ट्र में संघ की सक्रियता के कारण सरकार को चुनाव में बड़ी जीत हासिल हुई। यही तरीका भाजपा बिहार चुनाव के लिए भी अपनाना चाहती है।
