नई दिल्ली:- दिल्ली की आठवीं विधानसभा का बजट सत्र मंगलवार से फिर शुरू होगा. बजट सत्र की शुरुआत विशेष उल्लेख के तहत नियम 280 की तरह उठाए जाने वाले प्रश्नों से होगी. इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की अनुमति से कोई भी विधायक अपने क्षेत्र से संबंधित समस्या को उठा सकता है. इस चर्चा के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता वाहन, वायु प्रदूषण, की रोकथाम से संबंधित कैग रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगी.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता यह कैग रिपोर्ट 31 मार्च, 2021 को समाप्त हुए वर्ष के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार से संबंधित भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक के द्वारा दिल्ली में वाहन, वायु प्रदूषण रोकथाम और शमन पर निष्पादन लेखा परीक्षा प्रतिवेदन प्रतियां सदन पटल पर प्रस्तुत करेंगी.
बता दें इससे पहले शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण विभाग से संबंधित कैग रिपोर्ट विधानसभा में मुख्यमंत्री द्वारा पेश की जा चुकी है, जिसमें आम आदमी पार्टी की सरकार पर करोड़ों रुपए के भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं. वहीं, रिपोर्ट पेश होने के बाद नियम 55 के तहत अल्पकालिक चर्चा होगी.
यह चर्चा विधानसभा अध्यक्ष द्वारा 3 मार्च को दिए गए निर्देशानुसार दिल्ली में पानी की कमी, जलभराव, सीवर लाइन की रुकावट और नालियों की सफाई के संबंध में होगी. इसमें तिमारपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक सूर्य प्रकाश खत्री, मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र से विधायक मोहन सिंह बिष्ट और आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक राज कुमार भाटिया अपने अपने विधानसभा क्षेत्र से संबंधित पानी की कमी, सीवरेज की रुकावट और नालियों की सफाई से संबंधित मुद्दे उठाएंगे.
बता दें कि, विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत 24 मार्च से हुई थी. इसके बाद 25 मार्च को बजट पेश किया गया था. फिर अगले दो दिनों तक बजट पर चर्चा हुई. इसके बाद शुक्रवार को परिवहन विभाग से संबंधित कैग रिपोर्ट विधानसभा पेश की गई. वहीं शनिवार, रविवार और सोमवार का अवकाश होने के चलते विधानसभा की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी गई थी. अब मंगलवार को सुबह 11 बजे फिर से विधानसभा की कार्रवाई शुरू होगी. इससे पहले 24 मार्च से शुरू हुए इस बजट सत्र को 28 मार्च को खत्म होना था. लेकिन, सभी सदस्यों की सहमति से विधानसभा अध्यक्ष ने इस बजट सत्र का समय मंगलवार और बुधवार 2 दिन के लिए बढ़ा दिया.