बलौदाबाजार:- छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका लगातार राज्यों के जिलों का दौरा कर रहे हैं. सरगुजा संभाग में दौरा पूरा करने के बाद राज्यपाल बालोद के दौरे पर रहे. उसके बाद अब राज्यपाल गुरुवार को बलौदाबाजार के दौरे पर रहे. बलौदाबाजार पहुंचने पर राज्यपाल का भव्य स्वागत किया गया.इस दौरे में राज्यपाल ने जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया है. उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधा लगाया. उसके बाद लोगों से जल संरक्षण की अपील की है.
संयुक्त जिला कार्यालय में लगाए पेड़: राज्यपाल रमेन डेका संयुक्त जिला कार्यालय परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम के तहत पौधरोपण किया. उन्होंने इस अवसर पर कहा कि ये प्रतीकात्मक कदम नहीं है. यह पर्यावरण बचाने और जल संरक्षण की दिशा में अहम कदम और प्रयास है.
“जल ही जीवन है और इसे बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है. हर नागरिक को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल करनी चाहिए. – रमेन डेका, राज्यपाल, छत्तीसगढ़
केंद्र सरकार के योजनाओं की समीक्षा की: राज्यपाल ने जिले में चल रहे विकास कार्यों को लेकर और केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की. उन्होंने बलौदाबाजार में चल रहे विकास कार्यों को बेहतर बताया. उन्होंने खासतौर पर जल संरक्षण, कृषि, ग्रामीण विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं पर जोर दिया. राज्यपाल ने अधिकारियों से कहा कि जल संरक्षण के लिए तालाबों के संरक्षण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और वृक्षारोपण को प्राथमिकता दी जाए.
योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे. इस दिशा में अधिकारियों को कार्य करना चाहिए- रमेन डेका, राज्यपाल, छत्तीसगढ़
अगर हमें आने वाली पीढ़ियों के लिए जल बचाना है, तो अभी से ठोस कदम उठाने होंगे. वर्षा के जल के संचयन को बढ़ावा देना और जल स्रोतों का सही प्रबंधन करना बेहद जरूरी है- रमेन डेका, राज्यपाल, छत्तीसगढ़
जनता से राज्यपाल की खास अपील: इस अवसर पर राज्यपाल ने बलौदाबाजार की जनता से खास अपील की है. उन्होंने कहा कि जिले के नागरिक जल और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें. प्रशासन और समाज के सामूहिक प्रयासों से ही विकास कार्यों को प्रभावी बनाया जा सकता है.
महापुरुषों को दी श्रद्धांजलि: राज्यपाल ने अपने दौरे में बलौदाबाजार में महापुरुषों को नमन किया. कलेक्टर कार्यालय परिसर में स्थित महात्मा गांधी, शहीद वीर नारायण सिंह, बाबा भीमराव अंबेडकर और छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की.