नई दिल्ली:– पश्चिमी विक्षोभ का असर मंगलवार को कश्मीर में दिखा। पहाड़ों पर बारिश हुई और श्रीनगर समेत अधिकांश निचले क्षेत्रों में बादल छाए रहे। इससे सामान्य से ऊपर चल रहा तापमान कुछ नीचे आ गया, लेकिन यह सामान्य से ऊपर ही है
जम्मू-श्रीनगर समेत कई जगहों पर बारिश की संभावना
जम्मू में आसमान साफ रहा। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू और श्रीनगर समेत प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में आज यानी बुधवार और गुरुवार को वर्षा हो सकती है।
सोमवार को श्रीनगर में अधिकतम तापमान सामान्य से 9.4 डिग्री ऊपर 28.2 डिग्री सेल्सियस पर चला गया था, जो मंगलवार को 24.4 डिग्री पर आ गया। हालांकि, यह सामान्य से ऊपर ही है।
36 डिग्री तक पहुंचा जम्मू का तापमान
जम्मू का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 6.1 डिग्री ऊपर है। न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि सामान्य तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस है। गुलमर्ग का अधिकतम तापमान सामान्य से 8.3 अंक ऊपर 16.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
प्रदेश के अन्य हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री तक ऊपर है। इस बीच मौसम विभाग ने राहत देने वाली जानकारी दी है। अगले तीन दिनों में कुछ उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी एवं निचले क्षेत्रों में वर्षा की संभावना है।
30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। 12 से 17 अप्रैल तक मौसम शुष्क रहेगा। 18 से 20 अप्रैल के बीच एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होता दिख रहा है।
