सरगुजा:- पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना शुरू की थी. बीजेपी का आरोप है कि बुजुर्गों को तीर्थ दर्शन कराने की इस योजना को भूपेश बघेल की सरकार ने बंद कर दिया. कांग्रेस की सरकार जाने के बाद एक बार फिर से मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना शुरू की गई है. योजना के तहत आज 780 बुजुर्ग भक्तों को महाकाल दर्शन के लिए रवाना किया गया. महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भक्तों के जत्थे को ट्रेन से रवाना किया.
महाकाल दर्शन के लिए निकले भक्त: अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से भक्तों को रवाना करते हुए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि कांग्रेस के शासन काल में योजना को ताला लग गया था. अब जब फिर से छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार आई है योजना शुरू हो गई है. उज्जैन के महाकाल दर्शन के लिए निकले भक्तों को मंत्री ने यात्रा की शुभकामनाएं दी. इस मौके पर ट्रेन को भी दुल्हन की तरह सजाया गया.
रमन सिंह जी ने इस योजना की शुरुआत की थी. कांग्रेस ने अपने शासनकाल में इस योजना को बंद कर दिया. फिर से अब इस योजना की शुरुआत हुई है. बुजुर्गों को धार्मिक यात्रा कराने का काम जारी रहेगा: लक्ष्मी राजवाड़े, महिला एवं बाल विकास मंत्री
तीर्थ दर्शन योजना: मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत ये दूसरी ट्रेन आज सरगुजा संभाग से रवाना की गई. मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना की पहली ट्रेन को रायपुर से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रवाना किया था. दूसरे जत्थे में कुल 780 बुजुर्ग शामिल हैं जो उज्जैन के महाकाल दर्शन के लिए निकले हैं. भक्तों का ये जत्था ओंकारेश्वर भी जाएगा.