रायपुर: आधार सेवाओं के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को एक और बड़ी उपलब्धि मिली है. राज्य में 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के बायोमैट्रिक आधार अपडेट की उत्कृष्ट सेवाओं के लिए छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है. यह सम्मान आज नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित आधार संवाद कार्यक्रम में दिया गया.
आधार सेवाओं में उत्कृष्टता के लिए सम्मान: कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. इस अवसर पर भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण के डिप्टी डायरेक्टर जनरल (फायनेंस) तेनतु सत्यनारायण ने यह सम्मान छत्तीसगढ़ को दिया. राज्य की ओर से छत्तीसगढ़ सदन के मनीष जोशी ने यह सम्मान ग्रहण किया.
छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय सम्मान: बता दें कि चिप्स, राज्य में नामांकन एजेंसी के रूप में काम करते हुए आधार से संबंधित सेवाएं दे रही है. यह सम्मान छत्तीसगढ़ सरकार की डिजिटल सेवाओं को सुदृढ़ और जन सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है.
बच्चों के अनिवार्य बायोमैट्रिक अपडेट के लिए सम्मान: चिप्स के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभात मलिक ने बताया कि राज्य में 5 से 7 और 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के अनिवार्य बायोमैट्रिक अपडेट की दिशा में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए यह सम्मान मिला है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशों के अनुरूप चिप्स पिछले एक वर्ष में राज्य के दूरस्थ और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 944 विशेष आधार शिविरों का आयोजन किया गया है, जिनमें 38, 762 लोगों का आधार पंजीयन किया गया.