कोरबा। एकल उपयोग प्लास्टिक के उपयोग से बचने तथा होने वाले नुकसान से आमजन को परिचित करवाने के उद्देश्य से 1 से 31 अक्टूबर तक चलाए गए संग्रहण अभियान के अंतिम दिन कमला नेहरू महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेवकों ने अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के गोदग्राम पाली के दशहरा मैदान में सघन अभियान चलाकर श्रमदान किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ प्रशांत बोपापुरकर के मार्गदर्शन तथा जिला संगठक वाय के तिवारी के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने दशहरा उत्सव के आयोजन के कारण गांव के मैदान में बिखरे प्लास्टिक तथा अन्य गंदगियों से सराबोर बाजार स्थल को जयप्रकाश पटेल, शनि देव, पूजा गुप्ता, शास्वत शर्मा, ईश्वरदास, नायसा सारथी, प्रियंका यादव, आकांक्षा यादव आदि को साथ लेकर प्लास्टिक संग्रहण अभियान चलाते हुए बोरों में भरा तथा अन्य गंदगियों को इकट्ठा कर उचित निस्तारण करते हुए दशहरा मैदान को स्वच्छ बनाकर ग्राम वासियों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करने के प्रति आगाह किया तथा स्वच्छता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित व्याख्याता देसी राम जायसवाल ग्राम के पंच इंद्रपाल सिंह कंवर तथा अन्य ग्रामवासियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाते हुए देश की एकता और अखंडता के लिए सतत प्रयासरत रहने की ओर प्रेरित किया गया। ग्राम के पंच इंद्रपाल सिंह कंवर ने स्वयंसेवकों के प्रयासों की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए ग्राम को प्लास्टिक मुक्त आदर्श ग्राम बनाने में स्वयंसेवकों को सहयोग का आश्वासन दिया।
स्वयंसेवकों ने नंदी स्वान कंपोस्ट सेंटर में कचरे का उपयोग सीखा-
राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संगठक वाय के तिवारी के नेतृत्व में रासेयो स्वयंसेवकों ने एक माह तक चले अभियान में एकत्रित 16 बोरे प्लास्टिक कचरे को नगर पालिक निगम कोरबा के 15 ब्लॉक स्थित नंदी स्वान कंपोस्ट सेंटर में जमा किया तथा गीले कपड़ों से जैविक खाद बनाने की विधि को जाना साथ ही संस्थान की सुपरवाइजर बबिता पूरी, सोनाराम चौहान, अजय चौहान आदि से प्लास्टिक आदि अन्य कचरों के उचित निस्तारण तथा उपयोग को भी बारीकी से समझा। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी जी एम उपाध्याय, स्वयंसेवक शिवम श्रीवास, देवांश कुमार तिवारी, कल्पना महंत, दीपिका सारथी आदि बड़ी संख्या में उपस्थित थे।