नई दिल्ली:- ईपीएफओ मेंबर्स के लिए एक अच्छी खबर है. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने एक सेवा शुरू की है जो सदस्यों को उमंग मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से आधार-आधारित फेस ऑथेंटिकेशन टेक्नोलॉजी का उपयोग करके अपना यूनिवर्सल अकाउंट नंबर बनाने और एक्टिव करने की अनुमति देती है. यह सुविधा ईपीएफओ सदस्यों के लिए संपर्क रहित, सुरक्षित और डिजिटल अनुभव का वादा करती है, जिससे नियोक्ताओं पर पारंपरिक निर्भरता समाप्त हो जाएगी और डेटा अशुद्धियों में कमी आएगी.
अब नियोक्ता और कर्मचारी दोनों ही सरकार के UMANG ऐप के जरिए चेहरे की पहचान करके UAN बना सकते हैं. इससे आम समस्याओं जैसे कि गलत व्यक्तिगत डिटेल्स या गुम मोबाइल नंबर का समाधान होने की उम्मीद है, जिससे अक्सर UAN बनने में देरी होती है.
पिछले सप्ताह ईपीएफओ ने दो बदलावों की घोषणा की थी. चेक लीफ की तस्वीर या बैंक पासबुक की सत्यापित प्रति अपलोड करने की आवश्यकता को हटाना, और यूएएन के साथ बैंक खाते को जोड़ने के लिए नियोक्ता की मंजूरी की आवश्यकता को समाप्त करना.
UAN कैसे जेनरेट करें
प्ले स्टोर से उमंग ऐप और आधारफेसआरडी ऐप डाउनलोड करें.
उमंग ऐप खोलें > UAN सेवाओं के अंतर्गत UAN एलोकेशन और एक्टिवेशन पर जाएं.
आधार नंबर और आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर दर्ज करें.
सहमति दें और प्राप्त OTP का उपयोग करके पुष्टि करें.
ऐप के कैमरे के माध्यम से लाइव फेस कैप्चर का उपयोग करें.
सफल ऑथेंटिकेशन के बाद, UAN जेनरेट होता है और SMS के माध्यम से भेजा जाएगा.
UAN सक्रिय हो जाएगा और कर्मचारी उमंग ऐप या सदस्य पोर्टल से अपना ई-UAN कार्ड डाउनलोड कर सकता है.