रायपुर:- देश में वक्फ संशोधन अधिनियम लागू हो चुका है. उसके बाद छत्तीसगढ़ में वक्फ बोर्ड की गतिविधियां तेज हो गई है. शुक्रवार को 10 सदस्यीय टीम दिल्ली से रायपुर पहुंची है. यह टीम वक्फ की संपत्तियों की जांच कर रही है. इस टीम में साथ छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ सलीम राज भी मौजूद रहे. शुक्रवार को यह टीम टिकरापारा स्थित फतेह शाह मार्केट सहित अन्य वक्फ की संपत्तियों का निरीक्षण करने पहुंची.
सलीम राज ने वक्फ पर दिया था बयान: इससे पहले छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ सलीम राज ने अहम बयान दिया था. उन्होंने कहा था कि जिस लक्ष्य और उद्देश्य को लेकर वक्फ बोर्ड का गठन किया गया था, उसकी पूर्ति नहीं हो पा रही है. उन्होंने वक्फ बोर्ड की संपत्ति पर समाज के वरिष्ठों और समाज के ठेकेदारों का कब्जा होने का भी आरोप लगाया था. सलीम राज ने यह भी कहा था कि जिसने भी वक्फ बोर्ड की संपत्ति पर अवैध कब्जा किया है, उन अवैध कब्जे को मुक्त करने की कार्रवाई की जा रही है.
वक्फ का एक्शन तेज: शुक्रवार को भारत सरकार की 10 सदस्यीय टीम दिल्ली से रायपुर पहुंची है और यह टीम छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की वक्फ संपत्तियों का निरीक्षण कर रही है. इससे स्वाभाविक है कि आने वाले समय में वक्फ की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी और उसे कब्जा मुक्त कराया जाएगा.
वक्फ की जमीन पर अवैध कब्जे पर भी लगातार कार्रवाई की जा रही है. जिन लोगों ने छत्तीसगढ़ में वक्फ की जमीन पर कब्जा किया है. जिसमें आरोप लगाया गया है कि वक्फ की जमीन की फर्जी तरीके से रजिस्ट्री की गई है. उसके ऊपर कब्जा कर लिया गया है. इस तरह की रजिस्ट्री को शून्य करने के लिए कलेक्टर के साथ साथ पंजीयन रजिस्ट्रार को भी पत्र लिखा गया है.