इटावा:- अब तक महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं पतियों को कटघरे में खड़ा करती रही हैं, लेकिन पिछले कुछ दिनों में एक के बाद एक ऐसी घटनाएं सामने आई हैं, जिसमें पुरुष पीड़ित नजर आ रहे हैं. ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के भरथना इलाके से सामने आया है, जहां मामूली विवाद में पत्नी का पारा ऐसा चढ़ा कि उसने लोहे के रॉड से पति की टांग तोड़ डाली.
पूरी घटना कुवारा गांव की है, जहां पत्नी ने बहस करने के आरोप में पति पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उसकी एक टांग टूट गई. नाजुक हालत में पति को उपचार के लिए मुख्यालय के डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है. इटावा जिले के भरथना इलाके में हुए इस घटना को लेकर कहा जा रहा है कि पत्नी से बहस करना पति को महंगा पड़ गया.
33 साल के धीरज कुमार अपनी 25 साल की पत्नी शशि के साथ रहते हैं. दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. कहासुनी इतनी बढ़ गई कि शशि को गुस्सा आ गया और उसने गुस्से में अपने पति के पैर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया. एक के बाद एक कई बार पैर पर वार किए, जिससे धीरज कुमार जमीन पर गिर गए और घायल हो गए. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया. धीरज कुमार को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनकी पत्नी शशि भी पहुंच गई. हमलावर पत्नी से भी पूछताछ की गई कि उसने अपने पति पर हमला क्यों किया, लेकिन वह इस सवाल से बचती नजर आई.
धीरज कुमार ने बताया कि उसकी शादी 2019 में औरैया के अजीतमल इलाके के ग्राम रहापुर में रहने वाली शशि के साथ हुई थी. दोनों के दो बेटे हैं, जिनमें एक की उम्र 5 साल है और दूसरे की उम्र 3 साल है. धीरज ने बताया कि दोनों के बीच बहस हो गई थी, तभी उसकी पत्नी ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया. धीरज के माता-पिता का काफी समय पहले निधन हो चुका है और उसका भाई भी उससे अलग रहता है. पुलिस इस घटना को लेकर धीरज के बयान के आधार पर कानूनी कार्यवाही कर रही है.
