रायपुर:- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अब भाजपा के तीन कार्यालय होंगे, पहले कुशाभाऊ ठाकरे परिसर, दूसरा एकात्म परिसर और तीसरा ईडी के दफ्तर को भाजपा कार्यालय नाम दिया जाएगा. यह कहना है छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा का. आकाश शर्मा ने कहा है कि जल्दी हम मुहूर्त निकालने जा रहे हैं, और मुहूर्त निकाल कर ईडी दफ्तर का नामकरण करेंगे. इसका नया नाम भाजपा कार्यालय रखेंगे , जिससे लोगों को पता चल सके कि भाजपा कार्यालय का नया पता ईडी का दफ्तर है.
बीजेपी सरकार की दमनकारी नीति का करेंगे विरोध: आकाश शर्मा ने कहा कि कई सालों से जो विपक्ष के नेता है, जो देश के लोगों की आवाज उठाते हैं. जो सत्ता के साथ नहीं चलना चाहता है. जो उनके दमनकारी नीतियों का विरोध करता है. चाहे वह कांग्रेस करता हो या फिर राहुल गांधी हो. भाजपा के संगठन और कार्यकर्ता के रूप में ईडी काम करने लगी है.
ईडी अब खुलेआम भाजपा का काम करती हैं, तो उसको अपना नाम भी बदल देना चाहिए, अब ईडी का नाम बदलने का समय आ गया है. अब ईडी का नाम बदलने के लिए मुहूर्त निकाला जा रहा है , अब उसका नाम भारतीय जनता पार्टी रहेगा. पूरे देश में युवा कांग्रेस ईडी का नाम बदलकर भाजपा करने जा रही है. ईडी के सभी दफ्तर का नाम भारतीय जनता पार्टी कर रखा जाएगा- आकाश शर्मा, अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस
“बीजेपी कार्यायल का नया पता देंगे”: आकाश शर्मा ने कहा कि रायपुर में बीजेपी कार्यालय का नया पता दिया जाएगा. हर आदमी को पता रहेगा कि भाजपा का बदला हुआ कार्यालय कहां पर है. राजधानी में भाजपा के तीन कार्यालय संचालित होंगे , पहले कुशाभाऊ ठाकरे परिसर, दूसरा एकात्म परिसर, तीसरा कार्यालय सुभाष स्टेडियम के पास ईडी दफ्तर भाजपा कार्यालय हो जाएगा.
नेशनल हेराल्ड सहित अन्य कई मामलों में हुई कार्रवाई पर कांग्रेस लगातार ईडी और जांच एजेंसियों पर गंभीर आरोप लगा रही है. कांग्रेस का कहना है कि जांच एजेंसियां बीजेपी के इशारे पर काम कर रही है. ईडी भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रहा है. इसीलिए कांग्रेसी नेताओं को परेशान करने के लिए लगातार ईडी उनके खिलाफ कार्रवाई करता है. यही वजह है कि युवा कांग्रेस ने ईडी दफ्तर का नाम बदलने का ऐलान किया है.
