नई दिल्ली:- ओप्पो ने भारत में अपना एक नया स्मार्टफोन लॉन्च किया है, जिसका नाम Oppo K13 5G है. चीन की स्मार्टफोन कंपनी ओप्पो ने अपने इस फोन को दो कलर ऑप्शन्स में लॉन्च किया है. इस फोन में Snapdragon 6 Gen 4 चिपसेट दिया गया है, जो 8GB RAM सपोर्ट के साथ आता है. इस फोन में कंपनी ने 7000mAh की बैटरी दी है, जो इस फोन की सबसे खास बात है. आइए हम आपको इस फोन के बारे में सभी खास बाते बताते हैं.
Oppo K13 5G के स्पेसिफिकेशन्स
डिस्प्ले: Oppo K13 5G में 6.7 इंच की फुल एचडी प्लस AMOLED स्क्रीन दी है, जिसका रेजॉल्यूशन 1,080×2,400 पिक्सल है. इस स्क्रीन का रिफ्रेश रेट 120Hz, स्क्रीन टू बॉडी रेशियो 92.2% और पीक ब्राइटनेस 1200 निट्स है. इस फोन की स्क्रीन में वेट हैंड टच यानी गीले हाथ से फोन इस्तेमाल करने वाला फीचर और Glove Mode भी दिया गया है. इसका मतलब है कि यूज़र्स स्क्रीन गीले होने या हाथों में ग्लव्स पहनने के बाद भी फोन यूज़ कर सकते हैं.
प्रोसेसर: इस फोन में प्रोसेसर के लिए Snapdragon 6 Gen 4 SoC चिपसेट दिया गया है, जो ग्राफिक्स के लिए Adreno A810 GPU के साथ आता है. इस फोन में 8GBLPDDR4X RAM दिया गया है, जो 256GB के UFS 3.1 स्टोरेज के साथ आता है.
कैमरा: इस फोन के पिछले हिस्से पर डुअल कैमरा सेटअप दिया गया है, जिसका पहला कैमरा 50MP OV50D40 सेंसर के साथ आता है, जिसका अपर्चर f/1.85 है. इस फोन का दूसरा कैमरा 2MP OV02B1B लेंस के साथ आता है.
फ्रंट कैमरा और एआई फीचर्स: इस फोन में सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 16MP Sony IMX480 सेंसर दिया गया है. इस फोन में एआई क्लैरिटी एन्हांसर, एआई रिफेल्कशन रिमूवर, एआई अनब्लर और एआई इरेज़र 2.0 जैसे कई एआई फीचर्स दिए गए हैं.
बैटरी: इस फोन में 7000mAh बैटरी दी गई है, जो 80W के फास्ट चार्जिंग सपोर्ट के साथ आता है. कंपनी का दावा है कि यह फोन 30 मिनट में 62 पर्सेंट और 56 मिनट में पूरे 100 पर्सेंट चार्ज होता है.
Oppo K13 5G की कीमत
इस फोन का पहला वेरिएंट 8GB RAM और 128GB स्टोरेज के साथ आता है, जिसकी कीमत 17,999 रुपये है. इस फोन का दूसरा वेरिएंट 8GB RAM और 256GB स्टोरेज के साथ आता है, जिसकी कीमत 19,999 रुपये है. इस फोन को कंपनी ने आइस पर्पल और परिज़्म ब्लैक कलर के ऑप्शन में लॉन्च किया है. इस फोन की बिक्री 25 अप्रैल से ओप्पो इंडिया की वेबसाइट और फ्लिपकार्ट पर शुरू होगी.
