गौरेला पेंड्रा मरवाही:- सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले राशन को लेकर मरवाही विकासखंड के लोगों ने शिकायत की है. ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई महीनों से उनको राशन के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है. कभी सर्वर की शिकायत होती है तो कभी मशीन काम नहीं करता. राशन भी जो दिया जाता है वो अधूरा होता है. शक्कर मिलता है तो चीनी नहीं दी जाती. शक्कर और चीनी मिलता है तो उस महीने चना नहीं दिया जाता.
ग्रामीणों की शिकायत: गांव वालों का कहना है कि वो 15 से 20 किमी को सफर तय कर यहां राशन लेने आते हैं. जब राशन नहीं मिलता है तो वो परेशान होते हैं. कई किसानों का कहना है कि वो खेत का काम छोड़कर राशन लेने आते हैं लेकिन वो भी पूरा नहीं मिल पाता. मीडिया के जरिए जब फूड इंस्पेक्टर को इस बात की जानकारी मिली तो उनका कहना था कि जल्द ही समस्या का समाधान कर लिया जाएगा. सर्वर की समस्या भी दूर कर दी जाएगी और मशीनों को भी ठीक किया जाएगा.
पीडीएस सिस्टम में दिक्कत: ग्रामीणों का कहना है कि एक पंचायत से उनको कभी नमक तो कभी चीनी मिलता है जबकी दूसरे पंचायत के राशन दुकान से चावल मिलता है. पूरा राशन लेने के लिए उनको तीन से चार दिनों की मशक्कत करनी पड़ती है. पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम की दुकान चलाने वाले कहते हैं कि स्टॉक कम है लिहाजा इतनी बड़ी संख्या में लोगों को राशन नहीं दिया जा सकता है.
क्या कहते हैं अधिकारी: अफसरों का कहना है कि राशन वितरण के काम में आने वाली मशीन को अपग्रेड करने की जरुरत हैं कहीं कहीं उसे बदलना भी है. जब पूरी तरह से मशीन अपग्रेड और बदल दिया जाएगा तो ये समस्या सुलझ जाएगी.