नई दिल्ली:- पहलगाम आतंकी हमले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर सुरक्षा पर मंत्रिमंडल समिति (CCS) की बैठक हो रही है. बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण समेत सभी वरिष्ठ मंत्री मौजूद हैं.
बताया जा रहा है कि बैठक में आतंकी हमले के बाद भारत की तरफ से जवाबी कार्रवाई पर निर्णय लिया जा सकता है.
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकवादियों ने पर्यटकों को निशाना बनाते हुए हमला किया था, जिसमें 26 लोग मारे गए. 2019 में हुए पुलवामा हमले के बाद कश्मीर घाटी में यह सबसे घातक हमला बताया गया है.
आतंकियों ने बैसरन में घास के मैदान में पहुंचे निर्दोष पर्यटकों पर अंधाधुंध गोलीबारी की थी. इस हमले के पीछे पाकिस्तान स्थित प्रतिबंधित आतंकी समूह लश्कर-ए-तैयबा के मुखौटा संगठन ‘द रेसिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) के होने का संदेह है, जो कश्मीर में कई लक्षित हत्याओं में शामिल रहा है.
पहलगाम आतंकी हमले को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को बुधवार को दिल्ली में एक कार्यक्रम में कहा कि वह इस मंच से देशवासियों को आश्वस्त करना चाहते हैं कि भारत सरकार हर वो कदम उठाएगी, जो जरूरी और उपयुक्त होगा. उन्होंने कहा कि हम सिर्फ उन लोगों तक नहीं पहुंचेंगे, जिन्होंने इस घटना को अंजाम दिया है. हम पर्दे के पीछे बैठकर हिंदुस्तान की सरजमीं पर ऐसी नापाक हरकतों की साजिशें रचने वालों को भी नहीं बख्शेंगे.