बिलासपुर: – सीएम विष्णुदेव साय की पहल पर पांच साल के लंबे अंतराल के बाद मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना शुरू हुई है. इस योजना के तहत गुरुवार को बिलासपुर जिले के 775 यात्रियों का पहला जत्था पुरी, भुवनेश्वर, कोणार्क दर्शन के लिए रवाना हुआ.
भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन से रवाना हुए यात्री: बिलासपुर, मुंगेली और जीपीएम जिले के तीर्थ यात्री समय से पहले ही बिलासपुर स्टेशन पहुंच चुके थे. स्टेशन में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने तीर्थयात्रियों का तिलक लगाकर और माला पहनाकर स्वागत किया. यात्रियों के ट्रेन में बैठने के बाद विधायक और जनप्रतिनिधि भी यात्रियों के साथ बैठे नजर आए. बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कई यात्रियों को गाइड भी किया. इसके बाद ट्रेन का समय होने के बाद विधायकों अधिकारियों ने भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
तीर्थ यात्रा जाने के दौरान बुजुर्गों में खुशी: भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन में बैठने के बाद बुजुर्ग तीर्थ यात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला. 65 वर्षीय अम्बे सिंह बिलासपुर से यात्रा पर निकले. उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पहले रामलला दर्शन योजना शुरू की गई. उसके बाद मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना शुरू कर मुख्यमंत्री ने हम सब बुजुर्गाे की सुध ली है.
आधुनिक भारत के आधुनिक श्रवण कुमार सीएम विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ की जनता को धर्म दर्शन की यात्रा के लिए इस बार ओडिशा के पुरी, भुवनेश्वर और कोणार्क दर्शन के लिए भेजा है. जय जगन्नाथ की कृपा से छत्तीसगढ़ धन धान्य से भरपूर होगा. इसी का आशीर्वाद लेने जनता को तीर्थ यात्रा पर रवाना किया गया है.- सुशांत शुक्ला, बेलतरा विधायक
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत तीर्थ यात्रियों को फ्री में यात्रा: बता दें मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों के लिए सभी सुविधाएं सरकार की तरफ से उपलब्ध कराई जा रही है. तीर्थ यात्रियों को भोजन, ठहरने के लिए जगह, स्वास्थ्य सेवाएं समेत सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है.