रायपुर :- अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक संघ से मान्यता प्राप्त संस्था IFMA की भारत मे मान्यता प्राप्त संस्था यूनाइटेड म्यूथाई एसोसिएशन इंडिया के तत्वावधान में नेशनल म्यूथाई चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है. म्यू थाई स्पोर्ट्स एसोसिएशन हरियाणा सीनियर, जूनियर, सब जूनियर वर्ग की राष्ट्रीय म्यूथाई चैंपियनशिप का आयोजन 09 से 14 जून 2025 तक MD यूनिवर्सिटी, रोहतक में करने जा रहा है.
राज्य स्तरीय म्यूथाई चैंपियनशिप का होगा आयोजन : राज्य म्यूथाई संघ के अध्यक्ष लखन कुमार साहू, महासचिव अनीस मेमन ने इस टूर्नामेंट के बारे में बताया कि इस राष्ट्रीय म्यूथाई चैंपियनशिप में छग म्यूथाई दल के चयन हेतू ओपन एयर थिएटर, दल्लीराजहरा जिला बालोद में 2 और 3 मई 2025 को 24 वीं राज्य स्तरीय म्यूथाई चैंपियनशिप का आयोजन छग एमेच्योर म्यूथाई एसोसिएशन के तत्वावधान में जिला म्यूथाई संघ बालोद और दल्ली राजहरा मार्शल आर्ट्स क्लब के द्वारा आयोजित किया जा रहा है.
प्रतियोगिता के पहले दिन क्या ?: प्रतियोगिता के पहले दिन 2 मई 2025 को खिलाड़ियों का वजन, मेडिकल एवं निर्णायकगण हेतू म्यूथाई खेल नियमों का संक्षिप्त सेमिनार होगा.03 मई 2025 शनिवार की शाम 06 बजे पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव है जो छत्तीसगढ़ एमेच्योर म्यूथाई संघ के संरक्षक भी है.
पुरस्कार वितरण समारोह के विशेष अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ वर्णिका शर्मा के अलावा बालोद जिला भाजपा अध्यक्ष चेमन देशमुख, नगर पालिका अध्यक्ष तोरण साहू, केंद्रीय खेल मंत्री के निज सचिव सिद्धांत शर्मा, दल्लीराजहरा खदान समूह के मुख्य प्रबंधक आर बी गहरवार, भाजपा युवा नेता अंजिनेश शुक्ला उपस्थित होंगे.प्रतियोगिता बालक, बालिकाओं के 10-11, 12-13, 14-15, 16-17, 17-23 & +23 वर्ष के अलग-अलग वजन समूह में होगी.
कितने खिलाड़ी ले रहे हैं हिस्सा :चयन प्रतियोगिता में अम्बिकापुर, बस्तर, बालोद, बिलासपुर, दुर्ग, जांजगीर चाम्पा, दंतेवाड़ा, कोरबा, मुंगेली एवं रायपुर जिले के लगभग 175 खिलाड़ी, अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं. जिसमें आयु और वजन वर्ग अनुसार लगभग 70 सदस्यीय दल चुना जाएगा. जो आगामी 6वीं UMAI राष्ट्रीय म्यूथाई चैंपियनशिप रोहतक में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करेगा.राज्य प्रतियोगिता में रायपुर के 50 खिलाड़ियों के दल की घोषणा जिला संघ के अध्यक्ष अनीस मेमन द्वारा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अमन यादव, विशाल हियाल, टिकेश्वरी साहू के सहयोग से की गई. जिसमें 15 बालिका एवं 35 बालक खिलाड़ी हैं.