रुद्रप्रयाग:- उत्तराखंड की चारधाम यात्रा के तहत आज शुक्रवार 2 मई 2025 को रुद्रप्रयाग स्थित केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए हैं. बाबा केदार के कपाट आज सुबह 7 बजे बैशाख, मास, मिथुन राशि, वृष लग्न में पूरे विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोले गए.
कपाट खुलने के मौके पर 15 हजार से ज्यादा श्रद्धालु केदारनाथ धाम में मौजूद हैं. सीएम धामी भी केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के मौके पर उपस्थित रहे. कपाट खुलते समय केदारनाथ धाम में मौजूद 15 हजार श्रद्धालुओं ने एक साथ बाबा केदार के जयकारे से केदार घाटी को गुंजायमान कर दिया.
खुल गए केदारनाथ धाम के कपाट: इससे पहले गुरुवार शाम बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली केदारनाथ धाम पहुंच गई थी. बाबा की डोली को केदारनाथ धाम पहुंचने के बाद भंडार गृह में विराजमान किया गया.
केदारनाथ मंदिर को इस मौके पर 108 क्विंटल फूलों से भव्यता से सजाया गया. उखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर से जब बाबा की डोली केदारनाथ को रवाना हुई थी तो तभी से हजारों की संख्या में भक्त भी डोली के साथ चलते हुए केदारनाथ पहुंच गए.
पीएम मोदी के नाम से हुई बाबा केदार की पहली पूजा: सीएम धामी ने केदारनाथ धाम के कपाट खुलने पर प्रसन्नता जताई. सीएम धामी ने बताया कि उन्होंने पीएम मोदी की ओर से बाबा केदारनाथ की पहली पूजा संपन्न कराई. उन्होंने कहा कि बाबा केदारनाथ के कपाट खुल गए हैं. हम सभी देशवासियों को यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हैं. सीएम धामी ने कहा कि केदारनाथ की यात्रा कठिन होती है.
सीएम ने कहा कि हमने यात्रा को आसान बनाने के लिए काफी प्रयास किए हैं. हम बाबा से प्रार्थना करते हैं कि हमने जो प्रबंध किए हैं उनसे लोगों की यात्रा आसान हो. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाबा केदारनाथ के अनन्य भक्त हैं. उन्हीं के प्रयास से 2013 की आपदा के बाद पुनर्निर्माण कार्य हो सके हैं.
सीएम धानी से जब पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ होने जा रही कार्रवाई के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हमारे देश की सेना हमारे पीएम के नेतृत्व में उचित समय पर उचित निर्णय जरूर लेगी.
अगले 6 महीने तक चलेगी चारधाम यात्रा: यमुनोत्री और गंगोत्री धामों के कपाट 30 अप्रैल को खुल चुके हैं. अब 4 मई को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने हैं. बदरीनाथ धाम के कपाट जब खुलेंगे तो तब चारधाम यात्रा पूरी तरह शुरू हो जाएगी.
आपको बता दें कि उत्तराखंड की ये चारधाम यात्रा अगले 6 महीने तक चलेगी. अक्टूबर नवंबर में चारधाम यात्रा संपन्न हो जाती है. उसके बाद 6 महीने इन धामों के कपाट बंद रहते हैं.
जब 6 महीने चारों धामों के कपाट बंद रहते हैं तो धामी सरकार ने तब के लिए शीतकालीन चारधाम यात्रा शुरू की हुई है. इस बार शीतकालीन चारधाम यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे.