नई दिल्ली:- भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी के जीवन से जुड़े प्रमुख स्थलों के लिए हेरिटेज टूर शुरू करने जा रहा है. छह दिवसीय यात्रा कार्यक्रम की शुरुआत मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से होगी. समापन कोल्हापुर में होगा. कोल्हापुर से ट्रेन मुंबई के लिए अपनी वापसी यात्रा शुरू करेगी.
पहला गंतव्य रायगढ़ होगाः विज्ञप्ति के अनुसार पहला गंतव्य रायगढ़ होगा. यहां छत्रपति शिवाजी का राज्याभिषेक हुआ था. बाद में यह उनकी राजधानी बनी, जहां से उन्होंने शासन किया. दर्शनीय स्थलों की सैर के बाद ट्रेन अगले गंतव्य पुणे के लिए रवाना होगी, जहां पर्यटक रात्रि भोजन करेंगे. उसके बाद एक स्थानीय होटल में रात्रि विश्राम करेंगे.
शिवाजी के लाल महल का दर्शनः दूसरे दिन पर्यटक पुणे के कुछ लोकप्रिय स्थलों का भ्रमण करेंगे. जिनमें लाल महल, कस्बा गणपति और शिवसृष्टि शामिल हैं. प्रेस नोट में कहा गया है, “लाल महल, जैसा कि नाम से पता चलता है, एक लाल रंग का महल है जिसका निर्माण छत्रपति शिवाजी के पिता शाहजी भोसले ने अपनी पत्नी जीजाबाई और बेटे के लिए 1630 ई. में कराया था.
छत्रपति शिवाजी का जन्मस्थानः तीसरे दिन, वे पुणे से 95 किमी दूर स्थित एक पहाड़ी पर स्थित शिवनेरी किले का दौरा करेंगे. आईआरसीटीसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, यह छत्रपति शिवाजी का जन्मस्थान है और मराठा गौरव का प्रतीक है. विज्ञप्ति में कहा गया है, “दोपहर के भोजन के बाद पर्यटक रात्रि विश्राम के लिए पुणे लौटने से पहले 12 ज्योतिर्लिंग मंदिरों में से एक भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग मंदिर का दर्शन करेंगे.
प्रतापगढ़ किलाः आईआरसीटीसी की विज्ञप्ति के अनुसार, चौथे दिन पर्यटक सतारा जाएंगे, जहां वे प्रतापगढ़ किले का दौरा करेंगे. इस किले का ऐतिहासिक महत्व है, क्योंकि 1659 में छत्रपति शिवाजी और बीजापुर सल्तनत के जनरल अफजल खान के बीच प्रतापगढ़ की लड़ाई हुई थी. इस युद्ध ने मराठा साम्राज्य की स्थापना के लिए मंच तैयार किया गया था.
सह्याद्रि पर्वतमालाः सतारा से ट्रेन अपने अंतिम गंतव्य कोल्हापुर की ओर बढ़ेगी. कोल्हापुर में, पर्यटक पन्हाला किले की ओर बढ़ने से पहले ‘अंबाबाई’ के नाम से प्रसिद्ध महालक्ष्मी मंदिर को देखेंगे. सह्याद्रि पर्वतमाला के शिखर पर स्थित यह पहाड़ी किला कई युद्धों का साक्षी है. छत्रपति शिवाजी से निकटता से जुड़ा हुआ है, जिन्होंने भागने से पहले बंदी बनाए जाने के बाद 500 से अधिक दिन यहां बिताए थे.
कितना खर्च लगेगाः आईआरसीटीसी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि टूर स्लीपर क्लास में प्रति व्यक्ति 13,155 रुपये, 3एसी में प्रति व्यक्ति 19,840 रुपये और 2एसी में प्रति व्यक्ति 27,365 रुपये लगेंगे. सभी समावेशी मूल्य में संबंधित वर्गों में ट्रेन यात्रा, आरामदायक होटलों में रात का ठहराव, सभी भोजन (केवल शाकाहारी), बसों में सभी स्थानांतरण और दर्शनीय स्थल, यात्रा बीमा, टूर एस्कॉर्ट की सेवाएं आदि शामिल होंगे.
