नई दिल्ली:- लास्ट माइल कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली सरकार की तरफ से 9 मीटर की 400 इलेक्ट्रिक बसों को सड़क पर उतरा गया. इन इलेक्ट्रिक बसों को दिल्ली इलेक्ट्रिक व्हीकल इंटरकनेक्टर (देवी) नाम दिया गया है. यह बसें पूरी तरह एसी हैं और इनमें सुरक्षा के विशेष फीचर दिए गए हैं, जो यात्रियों को बेहतर यात्रा का अनुभव प्रदान करेंगे. लोगों ने देवी बसों को सड़कों पर देखा तो सरकार के काम की सराहना की. जानकारी के अनुसार 400 में से 30 बसें डीटीसी और 370 बसों का संचालन डिम्ट्स कराएगा.
1 बार चार्ज होने पर 19 चक्कर लगाएंगी बसें: देवी बसों को उन कॉलोनियों में चलाया जाएगा, जहां पर पहले से कोई बस नहीं चलती है. इन बसों के चलने से लोगों को घर से 500 मीटर की दूरी पर पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा मिलेगी. ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट के अधिकारियों के मुताबिक, इन बसों के रूट अधिकतम 12 किलोमीटर के बनाए गए हैं, जिससे ये बसें विभिन्न कॉलोनी से मेट्रो स्टेशन तक ज्यादा से ज्यादा चक्कर लगा सकेंगी. ये बसें 45 मिनट में फूल चार्ज होगी. एक बार चार्ज होने पर 225 किलोमीटर तक चलेंगी. इस तरीके से एक बार चार्ज होने पर बसें रूट पर करीब 19 चक्कर लगाएंगी.
अत्याधुनिक फीचर से लैस हैं देवी बसें: देवी बस चला रहे चालक सूबे सिंह ने बताया कि वह पिछले 4 साल से दिल्ली में डिम्ट्स के अधीन 12 मीटर की बस चला रहे थे. अब उनकी ड्यूटी नई देवी बस पर लगाई गई है. उन्होंने कहा कि यह बस चलाने में बहुत अच्छी लग रही है. अत्यधिक फीचर भी दिए गए हैं. यह बस कैमरे से लैस है, जिससे कि बस को सुरक्षित तरीके से चलाने में आसानी होगी. इतना ही नहीं जब तक बस का गेट पूरी तरह बंद नहीं हो जाएगा, तब तक बस आगे नहीं बढ़ेगी. यह यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से बहुत अच्छा है. इसके साथ सुरक्षा व सुविधा के अन्य कई बेहतरीन फीचर दिए गए हैं.
10 से 25 रुपये तक किराया: बस के परिचालक आरिफ खान ने कहा कि बस देखने में बहुत ही सुंदर है. बस में सुविधा भी बहुत ही बेहतरीन दी गई है. बस पूरी तरह ऐसी है. देवी बस में भी अन्य बसों की तरह महिलाओं का सफर फ्री रहेगा. उन्हें बसों में पिंक टिकट लेकर सफर करना होगा. 5 से 12 साल तक के बच्चों का हाफ टिकट लगेगा. 5 साल से कम उम्र के बच्चों का टिकट नहीं लगता है. बस का किराया 10 रुपये, 15 रुपये, 20 रुपये और 25 रुपये है.
जानिए यात्रियों ने क्या कहा: बस में सफर करने वाली यात्री स्वाति तिवारी ने बताया कि इस तरीके की छोटी बसें मोहल्ले तक चलेंगे तो लोगों का समय बचेगा. लोग समय से अपने गंतव्य पर पहुंच सकेंगे. यात्रियों को देवी बसों से काफी सहूलियत मिलेगी. वहीं, यात्री शीतल ने बताया कि वो दिल्ली के शाहदरा में रहती हैं और नियमित बस में सफर करती हैं. जो देवी बसें आई हैं वह देखने में सुंदर हैं. इन बसों के चलने से जनता को बहुत सुविधा मिलेगी. जिन जगहों पर बस नहीं जाती थी अब वहां पर भी बसें चलेंगी तो जनता के लिए अच्छा रहेगा.
डीटीसी को 30 और डिम्ट्स को मिली 370 देवी बसें: जिन 400 देवी बसों को दिल्ली की सड़कों पर उतर गया है. इनमें से 30 बसें दिल्ली ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (डीटीसी) और 370 बसें दिल्ली इंटीग्रेटेड मल्टी मॉडल ट्रांजिट सिस्टम (डिम्ट्स) को मिली हैं. डीटीसी इन बसों को गाजीपुर डिपो, कुशक नाला डिपो और ईस्ट विनोद नगर डिपो से चलाएगा. इससे इन तीनों डिपो के आसपास के इलाकों की आंतरिक सड़कों पर भी बसों का संचालन शुरू होगा. डिम्ट्स देवी बसों को क्लस्टर योजना के तहत हटी 462 बसों की जगह चलाएगा, जिससे राहगीरों को बसों के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा.