बालोद:- गरुर नगर पंचायत के पूर्व बीजेपी पार्षद मुकेश साहू को अरेस्ट किया गया है. पूर्व बीजेपी पार्षद के खिलाफ बीजेपी के नेताओं ने ही शिकायत की है. पुलिस ने मुकेश साहू को प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया है. बीजेपी नेताओं ने मुकेश साहू की गिरफ्तारी और उसपर कड़ी कार्रवाई के लिए लिखित में शिकायत दर्ज कराई है. पूर्व में मुकेश साहू भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत पार्षद थे और बाद में पार्टी विरोधी कामों के चलते उनको पार्टी से निष्कासित कर दिया गया. पार्टी से बाहर जाने के बाद वो गुस्से थे. इसी गुस्से में पार्षद ने सोशल मीडिया ग्रुप पर पीएम मोदी के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया.
बीजेपी का पूर्व पार्षद गिरफ्तार: सोशल मीडिया पर जैसे ही पूर्व पार्षद का मैसेज बीजेपी नेताओं ने देखा तुरंत इसकी शिकायत बालोद पुलिस को की. चूकि मामला पीएम के खिलाफ अपमानजनक शब्दों के इस्तेमाल का था पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया. शिकायत करने वाले बीजेपी नेताओं ने बताया कि पूर्व में भी आरोपी पार्षद इस तरह के कामों को करता रहा है. इसी वजह से पार्टी ने उसे बाहर का रास्ता भी दिखाया.
कौन है मुकेश साहू और क्या है आरोप: मुकेश साहू गुरुर नगर पंचायत का पूर्व पार्षद है. पूर्व में हुए स्थानीय चुनाव में इसने भारतीय जनता पार्टी से अधिकृत होकर चुनाव लड़ा. बाद में पार्टी नियमों को ताक पर रखकर नगर पंचायत के अविश्वास प्रस्ताव में वोट डालने नहीं पहुंचा. पार्टी ने इसे अनुशासनहीनता माना और पार्टी से बाहर कर दिया. इससे पूर्व भी वो जुआ खेलते रंगे हाथों पकड़ा जा चुका है. सायबर सेल की टीम ने उसे पकड़ा था. आरोपी पार्षद की गिरफ्तारी पर फिलहाल बीजेपी नेताओं और शिकायत करने वालों की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.