धमतरी:- छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की तरफ से आयोजित 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के परीक्षा परिणाम बुधवार को घोषित कर दिए गये. 10वीं कक्षा की मेरिट लिस्ट में धमतरी जिले के दो छात्रों ने अपना नाम दर्ज कराकर जिले का मान बढ़ाया है.
छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा में धमतरी के छात्रों का जलवा: 10वीं बोर्ड परीक्षा में सौरभ जोशी ने प्रदेश में छठवां और समीर साहू ने नौवां स्थान हासिल किया है. हाईस्कूल सर्टिफिकेट की परीक्षा में मगरलोड विकासखंड के हायर सेकेंड्री स्कूल बूढ़ेनी के छात्र सौरभ जोशी ने 98.33 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश की मेरिट सूची में छठवां स्थान पाया है. इसी तरह शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल चरमुड़िया के छात्र समीर साहू ने इस परीक्षा में 97.83 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं. समीर ने मेरिट सूची में नौवां स्थान प्राप्त किया है.
मेरिट में छठवां और नौवां स्थान, कलेक्टर ने दी बधाई: धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने दोनों छात्रों को उनकी इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं और बधाई दी है. कलेक्टर का बधाई संदेश लेकर कुरूद के एसडीएम नभ सिंह कोशले छात्रों के घर पहुंचे. एसडीएम ने कलेक्टर की शुभकामनाओं से दोनों विद्यार्थियों और उनके परिजनों को अवगत कराया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की.कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सौरभ जोशी और समीर साहू की कड़ी मेहनत कर अपने सपनों को पूरा करने के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने जिले के सभी विद्यार्थियों को इन छात्रों की उपलब्धि से प्रेरणा लेने और मन लगाकर पढ़ने और जीवन लक्ष्य प्राप्त करने की समझाइश दी.