शोपियां:- दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में स्थित केल्लर के शुकरू वन क्षेत्र में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के तीन आतंकवादी मारे गए. जैसे ही पुलिस और सेना की टीम ने तलाशी अभियान शुरू किया, छिपे हुए आतंकवादियों ने पुलिस और सेना की टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई.
इस बड़े एनकाउंटर के दौरान लश्कर के तीन आतंकवादी मारे गए, हालांकि आतंकवादियों की पहचान का पता लगाया जा रहा है. एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुछ आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद केल्लर के जंगलों में व्यापक घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया गया था. सुरक्षा बलों को इलाके में कुछ आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस, सीआरपीएफ और भारतीय सेना ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान शुरू किया.
सेना के मुताबिक, तलाशी अभियान के दौरान इलाके में छिपे आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी की. इस पर सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की. सेना और पुलिस पूरे इलाके को घेरकर आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन शुरू कर दिया है.
भारत ने टॉप पाकिस्तानी आतंकियों का किया सफाया
बता दें कि, भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में 9 आतंकी शिविरों पर किए गए सटीक हमलों में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) और जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े हाई-प्रोफाइल आतंकवादियों का सफाया हो गया. इनमें आईसी-814 प्लेन अपहरण के लिए वांछित मौलाना यूसुफ अजहर भी शामिल था.
भारतीय हमलों में मारे गए कई आतंकवादियों में मुदस्सर खादियां खास, हाफिज मुहम्मद जमील, मोहम्मद यूसुफ अजहर, खालिद (अबू अकाशा) और मोहम्मद हसन खान शामिल थे. मारे गए ये आतंकवादी पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठनों के सबसे हाई-प्रोफाइल लोगों में से थे, जिनके लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद दोनों से मजबूत संबंध थे.