नई दिल्ली :- आजकल कैंसर हर आयु वर्ग को प्रभावित कर रहा है. विशेष रूप से, हमारे देश में हर साल 1.4 मिलियन से अधिक नए मामले सामने आते हैं, जबकि यह अनुमान लगाया जाता है कि इस बीमारी के कारण 9 मिलियन से अधिक लोग अपना जीवन खो देते हैं. कैंसर अक्सर शरीर में चुपचाप बढ़ता है. जब तक इसके स्पष्ट लक्षण दिखाई देते हैं, तब तक बीमारी पहले ही बढ़ गई है. हालांकि, जब यह बीमारी होती है तब आपका शरीर कुछ प्रारंभिक चेतावनी संकेत भेज सकता है. ये बहुत छोटे लेकिन महत्वपूर्ण संकेत होते हैं. जिसे आपको अनदेखा नहीं करना चाहिए. पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक डॉ. अफशान मणियार के अनुसार, जानिए कैंसर के शुरुआती संकेत क्या हो सकते हैं….
ये है कैंसर के शुरूआती संकेत
शरीर पर कहीं भी अचानक गांठों का विकसित होना. अधिकांश कैंसरग्रस्त गांठों से दर्द नहीं होता. समस्या बढ़ने पर इनका आकार भी बढ़ जाता है.
बार-बार कब्ज और दस्त होना.
गुदा या जननांगों से असामान्य ब्लीडिंग.
मल और मूत्र में खून आना.
संभोग के दौरान ब्लीडिंग तथा मासिक धर्म बंद होने के बाद भी ब्लीडिंग होना.
त्वचा और नाखूनों के पीछे से ब्लीडिंग होना.
मूत्र को रोकने में असमर्थता, मूत्र प्रवाह कम होना, तथा पेशाब करते समय दर्द होना.
तीन सप्ताह से अधिक समय तक गले में दर्द रहना, तीन सप्ताह से अधिक समय तक लगातार खांसी रहना तथा खांसी में खून आना.
गले, मुंह या अन्य किसी स्थान पर घाव जो ठीक नहीं होते.
लगातार सीने में जलन या अपच.
मस्से का आकार बढ़ सकता है, रंग गहरा हो सकता है, खुजली हो सकती है, तथा उनमें से रिसाव या खून निकल सकता है.
निप्पल से ब्लीडिंग, स्तन की त्वचा का असामान्य रूप से मोटा होना और ढीला होना, स्तन में गांठें पड़ना और उनका आकार बढ़ जाना.
पेट फूलना, खाना शुरू करते ही पेट भरा हुआ महसूस होना, तथा अचानक भूख न लगना.
कम समय में बिना किसी कारण के वजन कम होना.
गंभीर सुस्ती, पुरुषों में एनीमिया.
थायरॉयड ग्रंथि की असामान्य सूजन, विशेष रूप से पुरुषों में, गले में.
भोजन निगलने और सांस लेने में कठिनाई.
हड्डी कुचलने वाला दर्द. असामान्य दर्द जो शरीर में कहीं भी आता-जाता रहता है.
इलाज के दौरान बगल, कमर और गर्दन में लिम्फ नोड्स में सूजन आना.
रात में अत्यधिक पसीना आना.