चेन्नई:- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने गैर-भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से विधेयकों पर राष्ट्रपति और राज्यपाल के लिए समय सीमा के संबंध में सुप्रीम कोर्ट के समक्ष राष्ट्रपति के सवालों का विरोध करने का आग्रह किया. साथ ही एक समन्वित कानूनी रणनीति की वकालत की है.
सीएम स्टालिन ने इस संबंध में रविवार को पश्चिम बंगाल सहित आठ राज्यों के मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखा है. डीएमके प्रमुख स्टालिन ने कहा कि यह सर्वविदित है कि सुप्रीम कोर्ट के सलाहकार क्षेत्राधिकार को लागू नहीं किया जा सकता है या प्रयोग नहीं किया जा सकता है जब संबंधित मामले में अदालत के आधिकारिक फैसले द्वारा पहले ही निर्णय दिया जा चुका हो.
उन्होंने आरोप लगाया, “फिर भी केंद्र की भाजपा सरकार ने संदर्भ मांगने पर जोर दिया है, जो उनके कपटी इरादे की ओर इशारा करता है.”
उन्होंने गैर-भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से अनुरोध किया कि वे राष्ट्रपति की ओर से सुप्रीम कोर्ट में भेजे गए इस संदर्भ का विरोध करें.
17 मई को लिखे पत्र में उन्होंने कहा, “हमें न्यायालय के समक्ष एक समन्वित कानूनी रणनीति बनानी चाहिए और संविधान के मूल ढांचे की रक्षा करने के लिए एकजुट होकर अपना पक्ष रखना चाहिए, जैसा कि हमारे सुप्रीम कोर्ट ने अपने ऐतिहासिक निर्णय (तमिलनाडु राज्य बनाम तमिलनाडु के राज्यपाल) में बरकरार रखा है. मैं इस महत्वपूर्ण मुद्दे में आपके तत्काल और व्यक्तिगत हस्तक्षेप की आशा करता हूं.
पश्चिम बंगाल के अलावा सीएम स्टालिन ने कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, केरल, झारखंड, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्रियों को भी पत्र लिखा.
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने केंद्र सरकार की सलाह पर 13 मई, 2025 को संविधान के अनुच्छेद 143 के तहत सुप्रीम कोर्ट के समक्ष 14 प्रश्न रखे. हालांकि यह संदर्भ किसी राज्य या निर्णय का विशेष रूप से उल्लेख नहीं करता है, लेकिन इसका उद्देश्य तमिलनाडु राज्य बनाम तमिलनाडु के राज्यपाल के मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्णय और संविधान की व्याख्या पर सवाल उठाना है. यह ऐतिहासिक निर्णय केवल तमिलनाडु के लिए ही नहीं बल्कि सभी राज्यों के लिए है क्योंकि यह संघीय ढांचे और राज्यों और संघ के बीच शक्तियों के वितरण को बरकरार रखता है, इस प्रकार केंद्र द्वारा नियुक्त व्यक्ति और एक अनिर्वाचित व्यक्ति – राज्यपाल द्वारा लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित राज्य विधानसभाओं द्वारा बनाए गए कानूनों में बाधा डालने से प्रभावी रूप से रोकता है.
स्टालिन ने आगे कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने विपक्ष दलों द्वारा शासित राज्यों के कामकाज में बाधा डालने के लिए राज्यपालों का इस्तेमाल किया है. वे विधेयकों को मंजूरी देने में बहुत अधिक देरी करते हैं, वैध संवैधानिक या कानूनी कारणों के बिना मंजूरी नहीं देते हैं, नियमित फाइलों और हस्ताक्षर के लिए भेजे गए सरकारी आदेशों को दबाए रखते हैं, महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियों में हस्तक्षेप करते हैं और शैक्षणिक संस्थानों का राजनीतिकरण करने के लिए विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति के रूप में अपने पद का दुरुपयोग करते हैं.
उन्होंने कहा, “वे (राज्यपाल) इस तथ्य का लाभ उठाकर ऐसा करने में सफल रहे हैं कि संविधान कुछ मुद्दों पर मौन है, क्योंकि संविधान निर्माताओं को विश्वास था कि उच्च संवैधानिक पद पर बैठे लोग संवैधानिक नैतिकता के अनुरूप कार्य करेंगे. इसी संदर्भ में सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के राज्यपाल के मामले में ऐतिहासिक निर्णय पारित किया. अब यह निर्णय सुनिश्चित करेगा कि केंद्र सरकार संविधान के तहत हमें दिए गए दायरे में राज्य सरकारों की भूमिका और जिम्मेदारियों के निर्वहन में अनुचित हस्तक्षेप न करे.
सीएम स्टालिन ने कहा कि भाजपा इस फैसले को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है, जिसे अन्य राज्यों द्वारा एक हठी राज्यपाल का सामना करने पर मिसाल के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है. स्टालिन ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने राष्ट्रपति को सुप्रीम कोर्ट के समक्ष संदर्भ लेने की सलाह दी और यह एक चाल है.