दुर्ग: रविवार को सेलूद कबीर आश्रम में संत समागम का समापन साहित्व वेदांताचार्य सुकृत शास्त्री साहेब के सानिध्य में सात्विक यज्ञ, चौका और आरती के साथ संपन्न हुआ. समागम में संत, श्रद्धालु और समाजसेवी बड़ी संख्या में मौजूद रहे. मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव भी पहुंचे. उनके साथ सांसद विजय बघेल सहित भाजपा के अन्य नेता और कार्यकर्ता भी शामिल हुए.
अरुण साव भी हुए शामिल: डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि संत समाज का मार्गदर्शक होता है, वे अपने लिए नहीं बल्कि समाज के लिए जीते हैं. उन्होंने संत कबीर की वाणी की प्रासंगिकता पर बल देते हुए कहा कि आज के समय में उनके विचार समाज को दिशा देने वाले हैं.
कबीर ने जीवन व्यवहार और सदाचार की शिक्षा दी है, जिसे अपनाना अत्यंत आवश्यक है. समाज की एकजुटता ही तरक्की का रास्ता है-अरुण साव, डिप्टी सीएम
सेलूद कबीर आश्रम की सराहना: डिप्टी सीएम अरुण साव ने सेलूद कबीर आश्रम में लगातार हो रहे संत समागमों की सराहना करते हुए वहां शेड निर्माण के लिए 25 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि संसाधनों की कमी के बावजूद आश्रम समाज में जागरूकता फैलाने का काम कर रहा है.
मनरेगा को लेकर कांग्रेस को घेरा: अरुण साव ने मनरेगा कार्यदिवस में कटौती को लेकर कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस जनता को भ्रमित कर रही है. उन्होंने बताया कि 18 लाख लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है और मनरेगा के तहत गरीबों को लगातार सहायता दी जा रही है. पंचायत एवं ग्रामीण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राशि स्वीकृत करने की बात कही है.
कांग्रेस पर लगाए आरोप: उपमुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर गरीबों को योजनाओं से वंचित करने और झूठ फैलाने का आरोप लगाया. अरुण साव ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय के नेतृत्व में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं.
