नई दिल्ली:– भारत में यूं तो कई चमत्कारी मंदिर हैं, लेकिन क्या आपने कभी ऐसे रहस्यमयी मंदिर के बारे में सुना है जहां कभी भी अपने आप ही आग लग जाती है। जहां देवी अग्निस्नान करती हैं। यह मंदिर राजस्थान में मौजूद है। इस मंदिर का नाम है, ईडाणा माता मंदिर, जो आस्था, चमत्कार और दिव्यता का अद्वितीय संगम है। कहा जाता है कि जब माता बहुत खुश होती हैं तो वह अग्नि स्नान करती हैं। इस दौरान मंदिर में मौजूद हर एक चीज, जलकर राख हो जाती है। चाहे वह फल हों, फूल या फिर मां की चुनरी, मगर मां ईडाणा की मूर्ति को कोई नुकसान नहीं होता है।
इस अग्नि स्नान को देखने के लिए यहां अक्सर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहती है। यहां आने वाले श्रद्धालु माता से अपनी मनोकामनाएं कहते हैं और विश्वास करते हैं कि मां हर सच्चे भक्त की पुकार सुनती हैं। यह स्थान उदयपुर शहर से 60 किमी दूर अरावली की पहाड़ियों में स्थित है। इस मंदिर के ऊपर कोई छत नहीं है कहा जाता है कि इस मंदिर का नाम ईडाणा उदयपुर मेवल की महारानी के नाम से प्रसिद्ध हुआ। ईडाणा माता मंदिर केवल एक तीर्थ स्थल नहीं, बल्कि वह स्थान है जहां श्रद्धा, शक्ति और चमत्कार एक साथ जीवंत हो उठते हैं। अभी हाल ही में मार्च के महीने में भी यहां पूरे मंदिर में आग लग गई थी।
