महासमुंद:- छत्तीसगढ़ में सड़क हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं. रायपुर के खरोरा में 12 मई को सड़क हादसे में 14 लोगों की जान चली गई थी. इतने बड़े हादसे के बाद भी सरकारी अमला और ट्रैफिक विभाग के कार्य धरातल पर दिखते नजर नहीं आ रहे हैं. महासमुंद में 25 मई रविवार की सुबह दर्दनाक हादसा हुआ है. इसमें कुल 4 लोगों की मौत हो गई.
शोक में डूबा सरायपाली : महासमुंद के सरायपाली में एक बाइक पर 4 लोग सवार होकर जा रहे थे. बाइक की रफ्तार इतनी तेज थी कि तभी बाइक एक बिजली के खंभे से जा टकराई. इस हादसे में बाइक सवार चारों लोगों की मौत हो गई. बाइक सवार दो लोगों की मौत मौके पर हो गई. जबकि दो लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. जिसके बाद सरायपाली में मातम पसर गया.
बाइक के उड़े परखच्चे: बाइक की रफ्तार इतनी तेज थी कि जैसे ही बाइक बिजली के पोल से टकराई, बाइक के परखच्चे उड़ गए. बाइक में सवार चारों लोग बुरी तरह दूर जाकर गिरे. दुर्घटना के बाद सड़क पर चीख पुकार की स्थिति बन गई. आस पास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस को सूचना दी. जिसके बाद पुलिस ने दो मृत युवकों के शव को कब्जे में लिया और दो घायल युवकों को अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल पहुंचते ही दोनों युवकों की मौत हो गई.
चारों युवक एक ही बाइक पर सवार थे और अपने गांव बेलमुंडी से सरायपाली किसी काम से आये हुए थे.तभी इनकी तेज रफ़्तार बाइक बिजली के पोल से टकरा गई. दो युवकों की मौके पर मौत हो गई. दो ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. हाई स्पीड में बाइक चलाने की वजह से यह हादसा हुआ- शशांक पौराणिक,थानेदार, सरायपाली पुलिस
मृतकों के बारे में जानकारी: यह पूरी घटना रविवार सुबह के समय की है. चारों युवकों की पहचान बेलमुंडी निवासी के तौर पर हुई है. अनीस बाघ, किशन भोई, मनीष बाघ और गोपाल प्रधान की मौत हुई है. सभी की उम्र 20 से 22 साल के बीच है.सरायपाली के थानेदार ने बताया कि चारों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है.