नई दिल्ली :- केंद्र सरकार प्रधानमंत्री बेरोजगारी भत्ता योजना स्कीम शुरू की है. हर महीने 4500 से नौ हजार रुपये देगी. 10 वीं पास युवक फॉर्म भरें.’ इसके अलावा ‘पीएम फ्री लैपटॉप योजना’ के तहत छात्रों को मुफ्त लैपटॉप दिया जा रहा है. अगर आप ऐसी खबरें किसी भी यूट्यूब चैनल पर देख रहे हैं तो सावधान हो जाएं! दरअसल, केंद्र सरकार ऐसी कोई योजना नहीं चला रही है.
भारत सरकार की नोडल एजेंसी प्रेस सूचना ब्यूरो ने ऐसे ही भ्रामक न्यूज फैलाने वालों से सावधान रहने के लिए आगाह किया है. #PIBFactCheck ने ऐसे ही भ्रामक न्यूज फैलाने वाले दो यूट्यूब चैनल का पर्दाफाश किया है. पीआईबी के अनुसार इन न्यूज चैनलों पर फ्री बीइज की झूठी खबरें दिखायी जा रही है.
क्या है मामलाः
एक यूट्यूब चैनल पर थंबनेल पर बताया जा रहा है कि ‘PM बेरोजगारी भत्ता योजना 2025-26’ के तहत सरकार बेरोजगार युवाओं को हर महीने बेरोजगारी भत्ता दे रही है. पीआईबी ने बताया कि भारत सरकार ऐसी कोई योजना नहीं चला रही है. साथ ही लोगों को आगाह किया कि किसी भी योजना से जुड़ी जानकारी केवल आधिकारिक स्रोतों से ही प्राप्त करें. झूठी और भ्रामक जानकारी प्रसारित कर रहे ऐसे यूट्यूब थंबनेल वीडियोज एवं चैनलों से सावधान रहें और ऐसे कंटेंट को आगे साझा न करें.
एक YouTube चैनल के वीडियो थंबनेल में यह दावा किया गया है कि ‘PM Free Laptop योजना’ के तहत सरकार सभी को मुफ्त लैपटॉप प्रदान कर रही है. पीआईबी ने फैक्ट चेक कर बताया कि यह दावा पूरी तरह से फर्जी है. भारत सरकार ऐसी कोई योजना नहीं चला रही है. इन Clickbait वीडियो का मकसद सिर्फ व्यूज़ और सब्सक्राइबर बढ़ाना होता है, न कि आपको सही जानकारी देना है. सतर्क रहें, सुरक्षित रहें.
