रायपुर:- राजधानी रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े शासकीय अस्पताल मेकाहारा में रविवार की रात पत्रकार के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया. जहां अस्पताल में तैनात निजी बाउंसरों ने पत्रकार के साथ बदसलूकी की है. यह पत्रकार एक चाकूबाजी की घटना के मामले में जानकारी लेने अस्पताल पहुंचा था. इस दौरान निजी बाउंसर ने उसे रोका, उसके साथ बदसलूकी की साथ ही धक्का मुक्की की. यह सारा वाकया अस्पताल में लगे सीसीटीवी में कैद हुआ.
मेकाहारा में पत्रकार से बदसलूकी पर पत्रकारों में नाराजगी: अस्पताल में निजी बाउंसर के द्वारा पत्रकार के साथ की गई बदसलूकी की जानकारी जैसे ही दूसरे पत्रकारों को लगी, वह मेकाहारा पहुंच गए और बदसलूकी करने वाले बाउंसर के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे.
रायपुर में पत्रकारों ने किया सीएमहाउस का घेराव: इस दौरान अस्पताल में काफी गहमा गहमी का माहौल था. वही कार्रवाई न होता देख पत्रकारों ने मुख्यमंत्री निवास का रूख किया और वहां मुख्यमंत्री निवास के बाहर धरने पर बैठ गए. इस दौरान रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रफुल्ल ठाकुर सहित कई वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे. वहीं मामले की जानकारी लगने के बाद एसएसपी लाल उमेंद सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए, बावजूद इसके हंगामा जारी रहा. देर रात तक सभी पत्रकार मुख्यमंत्री निवास के बाहर ही धरने पर बैठे रहे.
मेकाहारा के बाउंसर पर कार्रवाई की मांग: प्रदर्शन कर रहे पत्रकारों का कहना है कि यह कोई पहली बार नहीं हुआ है, जब वहां निजी बाउंसर के द्वारा कवरेज के लिए गए पत्रकार के साथ बदसलूकी की गई है, इसके पहले भी कई बार इस तरह के मामले सामने आए हैं, लेकिन उन बाउंसर पर कार्रवाई न होने के कारण उनका मनोबल बढ़ता जा रहा है. यही वजह है कि इस बार इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पत्रकारों ने की है.