कोरबा:- जिले के मेधावी छात्रों के लिए जिला प्रशासन और सरकार ने बड़ी पहल को आगे बढ़ाया है. सोमवार को मंत्री लखनलाल देवांगन और गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी में 150 छात्रों को रायपुर रवाना किया गया. रायपुर में ये मेधावी छात्र नीट और जेईई की कोचिंग करेंगे. बढ़िया नंबर लाने वाले दसवीं के 100 और 12वीं के 50 छात्रों को रायपुर में कोचिंग करने के लिए भेजा गया है. इन सभी की पढ़ाई का खर्च खनिज न्यास मद(डीएमएफ) से जिला प्रशासन द्वारा वहन किया जाएगा. जिन्हें रायपुर के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्था ऐलेन में दाखिला दिलाया गया है.
डीएमएस का हो रहा सदुपयोग: कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उद्योग मंत्री देवांगन ने कहा कि कलेक्टर के दिशा निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा सराहनीय पहल करते हुए यहां के प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए राजधानी में जेईई, नीट कोचिंग की व्यवस्था की गई है. बीते साल भी 100 विद्यार्थियों को रायपुर भेजा गया है. डीएमएफ से जिले में कई विकास कार्य हो रहे हैं. पूर्व में कांग्रेस सरकार की भांति भ्रष्टाचार नहीं हो रहा है. क्लेक्टर बढ़िया तरीके से डीएमएफ के फंड का उपयोग कर रहे हैं. किसी तरह की कमीशन खोरी नहीं हो रही है. पारदर्शिता के साथ विकास कार्य किया जा रहे हैं.
मंत्री बोले कलेक्टर कर रहे बेहतर काम: मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री पीएम नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रशासन द्वारा निरंतर विकास कार्य किया जा रहा है. प्रधानमंत्री द्वारा उत्खनन वाले जिले में ही डाएमएफ की राशि को खर्च किए जाने का प्रावधान करने के बाद इस राशि का सदुपयोग जिले के विकास कार्यों और शिक्षा, स्वास्थ्य में हो रहा है. लखनलाल देवांगन ने कहा कि खनिज प्रभावित जिलों में शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य क्षेत्रों में विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है. मंत्री ने कहा कि जिले के 100 मेधावी छात्र छात्राओं को मेडिकल इंजीनियरिंग जैसे उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए राष्ट्रीय स्तर की जेईई, नीट जैसी प्रवेश परीक्षा की निःशुल्क तैयारी हेतु व्यवस्था की गई है. यह आप सभी के लिए सुनहरा अवसर है. इस अवसर का लाभ उठाएं, आप सभी आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें, कार्ययोजना बनाकर परीक्षा की तैयारी करें, सफलता जरूर मिलेगी.
बोर्ड में बेहतर प्रदर्शन करने वालों को मिला मौका: कलेक्टर अजीत वसंत ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपके जीवन का यह महत्वपूर्ण अवसर है. दो साल के समय का उपयोग अपने लक्ष्य को हासिल करने में लगाकर आप अपने जीवन को नई दिशा में ले जा सकते हैं. आपके जीवन की सफलता की शुरुआत आज हो रही है. आप सभी ने बोर्ड परीक्षा में खूब मेहनत कर अच्छा परिणाम प्राप्त किया है, इसी तरह आगे भी आप पूरी लगन से अध्ययन करते रहें. कलेक्टर ने कहा कि नीट ,जेईई की निशुल्क आवसीय कोचिंग हेतु गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने हेतु पूरी व्यवस्था की गई है. आप सभी की तैयारी में होने वाले खर्च का वहन डीएमएफ के माध्यम से छत्तीसगढ़ शासन एवं जिला प्रशासन द्वारा किया जा रहा है. आप सभी इसका महत्व समझें एवं इस मौके का पूरा लाभ उठाएं. कलेक्टर ने कहा कि योजना का भविष्य आपकी मेहनत और परिणाम पर निर्भर करेगा. आप सभी निरंतर दृढ़ इच्छाशक्ति से मेहनत कर सफलता अर्जित करें एवं आगामी वर्ष में बोर्ड परीक्षा दिलाने वाले जिले के बच्चों के लिए प्रेरणा स्त्रोत बनें.
हरी झंडी दिखाकर बस को किया गया रवाना: कलेक्ट्रेट परिसर से उद्योग मंत्री देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. मौके पर उपस्थित पालक और विद्यार्थियों ने कहा कि यह उनके लिए गौरव का पल है कि उनका चयन ऐलेन जैसे प्रतिष्ठित कोचिंग संस्था में जेईई, नीट परीक्षा की तैयारी के लिए हुआ है. जहां अनुभवी व विषय विशेषज्ञ शिक्षक उनकी परीक्षा की तैयारी कराएंगे. कोरबा जिले के शासकीय विद्यालय से शैक्षणिक सत्र 2024-25 में कक्षा 10वीं से मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले 100 छात्र-छात्राओं और बारहवीं उत्तीर्ण 50 विद्यार्थियों को नीट व जेईई प्रवेश परीक्षा की गुणवत्तापूर्ण तैयारी हेतु रायपुर के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्था ऐलेन में प्रवेश दिलाया गया है.