नई दिल्ली:– राष्ट्रीय लोकदल ने जातिगत जनगणना का समर्थन किया है। उसका मानना है कि इससे देश का समग्र विकास होगा। पार्टी का मानना है कि समाज एवं देश की मजबूती के लिए राजनीति तथा समाजनीति में महिलाओं की भागीदारी एवं उनका सशक्तीकरण जरूरी है। इसलिए पार्टी सभी निकायों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देगी।
मंगलवार को शहर के सौंख रोड स्थित बैकुंठ रिसोर्ट में रालोद की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में यह निर्णय लिया गया। पहले पार्टी मुखिया जयन्त चौधरी को इस बैठक में आना था, लेकिन किन्हीं कारण से वह नहीं आ सके।
राष्ट्रीय महामंत्री त्रिलोकी त्यागी की अगुवाई और प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय की अध्यक्षता में हुई बैठक में ऑपरेशन सिंदूर के कुशल संचालन के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई देने के साथ ही सैन्य शक्ति का अभिनंदन किया गया। इसके साथ ही जातिगत जनगणना पर भी मंथन हुआ।
जनगणना का स्वागत
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी जातिगत आधार पर जनगणना कराने का स्वागत करती है। हमारी पार्टी शुरू से ही इस विचार की पक्षधर रही है। चौधरी चरण सिंह भी वंचितों और दलितों के सशक्तीकरण के प्रबल पक्षधर थे। उन्होंने कहा कि पार्टी का मानना है कि समाज व देश की मजबूती के लिए राजनीति व समाजनीति में महिलाओं की भागीदारी और उनका सशक्तीकरण जरूरी है। इसलिए पार्टी अपने सभी निकायों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण के विधान का पालन करेगी।
विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था बनने पर प्रधानमंत्री को बधाई दी गई
कार्यकारिणी की बैठक में यह भी मंथन हुआ कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक नीतियों, बुनियादी ढांचे के साथ ही वैश्विक मंच पर अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है। विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था बनने पर प्रधानमंत्री को बधाई दी गई।
सदस्यता अभियान का समापन 15 अक्टूबर को होगा। 15 नवंबर तक संगठनात्मक चुनाव पूरे होंगे। आपरेशन सिंदूर में बलिदानी सैनिकों को दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि दी गई।रालोद नेताओं ने कार्यकर्ताओं को दिया एकजुटता का संदेश
कार्यकर्ताओं को दिया एकजुटता का संदेश
रालोद के कार्यकर्ता सम्मेलन में मंगलवार को कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश दिया गया। रालोद मुखिया जयन्त चौधरी के न आने पर राष्ट्रीय महामंत्री त्रिलोकी त्यागी और प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने संगठन की मजबूती पर जोर दिया।
राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि यह अच्छी बात है कि पार्टी में युवा व महिला शक्ति बढ़-चढ़कर भाग ले रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जयन्त चौधरी सबको साथ लेकर चलते हैं। संगठन विस्तार को लेकर पार्टी अभियान चला रही है। रालोद किसानों और सर्वसमाज की पार्टी है। सबको लेकर साथ चलती रहेगी। प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने कहा कि रालोद खेत, खलिहान, किसान और नौजवान की पार्टी है। हमारे पास चौधरी चरण सिंह की अनमोल विचारों की विरासत है, जिसको पार्टी के पदाधिकारी घर-घर तक पहुंचाएंगे।
सम्मेलन में रालोद के वरिष्ठ कार्यकर्ता जगपाल दास गुर्जर के निधन पर दो मिनट मौन रख कर उन्हं श्रद्धांजलि दी गई। राष्ट्रीय महासचिव यशपाल बघेल, अनिल दुबे, सुधाकर पांडेय, पूर्व विधायक नवाब सिंह, बलदेव ब्लाक प्रमुख प्रतीक भरंगर, अनूप चौधरी, रामवीर सिंह भरंगर, जयवीर सिंह, नरेंद्र सिंह, कुंवर चंद रावत। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजपाल भरंगर ने की।