राजनांदगांव:- कोरोना के मरीध धीरे धीरे बढ़ रहे हैं. राजनांदगाव जिले से लगे दुर्ग जिले में कोरोना के तीन मामले सामने आने के बाद राजनांदगाव जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है. राजनांदगांव जिले से महाराष्ट्र का बॉर्डर भी लगता है. महाराष्ट्र में भी कोरोना के मामले सामने आ रहे हैं, जिसे देखते हुए राजनांदगांव जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है.
राजनांदगांव जिला प्रशासन अलर्ट: कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने लोगों से अपील की है कि सर्दी जुकाम जैसे लक्षण आने पर वह अपनी जांच कराएं और डॉक्टर से मिले. उन्होंने यह भी कहा कि हमारी तैयारी पूरी है. इसको लेकर सतर्कता बरती जा रही है. स्वास्थ्य विभाग को भी निर्देश दिया गया है.कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने कोविड-19 संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए है. उन्होंने अस्पतालों में कोविड प्रबंधन के साथ ही मरीजों के उपचार संबंधी आवश्यक संसाधन की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा है.
कोरोना के नए केसों को लेकर अस्पतालों को निर्देश: कलेक्टर ने कोविड-19 के संभावित संक्रमण के मद्देनजर बचाव एवं रोकथाम के लिए जिले के सभी शासकीय अस्पतालों और निजी चिकित्सालयों को जरुरी दिशा निर्देश दिए हैं. जिले को कोविड-19 प्रबंधन के लिए आईसीयू, ऑक्सीजन बिस्तर, वेंटिलेटर की व्यवस्था और आईएचआईपी पोर्टल पर नियमित रिपोर्टिंग करने सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को कहा गया है.
कोरोना से लोगों को अलर्ट रहने की स्वास्थ्य विभाग की अपील
सर्दी, खांसी, बुखार वाले व्यक्ति एवं अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रसित (कोमार्बिड) व्यक्ति मास्क का उपयोग करें.
अनावश्यक भीड़भाड़ की जगह पर जाने से बचें
उपचार के लिए स्वास्थ्य केन्द्रों में जाए
जिन घरों में सर्दी, खांसी, बुखार के लक्षण वाले व्यक्ति पाये जाते हैं, उन घरों को हवादार रखें.
संक्रमण से बचाव के लिए दूरी बनाकर रखें
हैंडवाश और पूर्व में प्रचलित कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें और घबराए नहीं