नई दिल्ली: – मानसून देश के 17 राज्यों में पहुंच चुका है। उत्तर की सेवन सिस्टर कहे जाने वाले राज्यों असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में मानसून ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने केरल और कर्नाटक के साथ इन सात राज्यों में बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।केरल में तय समय से पहले मानसून पहुंचा। वहीं महाराष्ट्र में भी इस साल 12 दिन पहले मानसून आया है। अब मध्य प्रदेश में भी जून के दूसरे सप्ताह तक मानसून पहुंचने की उम्मीद है। इस बार सामान्य से अधिक बारिश होने की उम्मीद है। आईएमडी ने 30 मई से 1 जून के दौरान केरल, पुदुच्चेरी, कर्नाटक में गरज के साथ बारिश, बिजली चमकने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने का अनुमान लगाया है।
जानें राज्यों के मौसम का हाल
30 मई से 1 जून के दौरान महाराष्ट्र के विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, बिहार में गरज के साथ बारिश, बिजली चमकने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
30 और 31 मई के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में गरज के साथ बारिश, बिजली चमकने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि 30 मई को गोवा, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु के घाट क्षेत्रों में अत्यधिक भारी वर्षा जारी रहेगी और उसके बाद इसमें कमी आएगी। पूर्वोत्तर राज्यों और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम में 31 मई तक अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है।
पूर्वांचल में 2-3 दिनों तक बूंदाबांदी के आसार
विभाग ने यूपी के 60 से ज्यादा जिलों में गरज के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने व बिजली चमकने का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को आंशिक बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश होगी, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
दो या तीन दिनों तक पूरे प्रदेश में बूंदाबांदी और हवाओं की तीव्रता में वृद्धि होगी। प्रभावित होने वाले जिलों में बांदा, फतेहपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर सहित 60 से ज्यादा जिले शामिल हैं।
जून से सामान्य होगा मौसम
एक जून से मौसम सामान्य होने की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। 1 जून को “थंडरस्टॉर्म विथ रेन” की संभावना है, लेकिन इस दिन कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। 2 जून से मौसम में काफी सुधार देखने को मिलेगा, जहां आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं उत्तर प्रदेश में गुरुवार से तीन दिन तक गरज के साथ बारिश और बूंदाबांदी का अनुमान है। मौसम विभाग ने इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान जताया और बारिश से तापमान में थोड़ी गिरावट की संभावना जताई, जिससे उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिलेगी
