नई दिल्ली:– बदलते मौसम में एलर्जी से बचने की दवा लेना स्वास्थ्य संबंधी मुसीबतों को दावत दे सकता है. बिना चिकित्सक की सलाह के एलर्जी से बचने की दवाएं हमें दूसरी परेशानियों में डाल सकती हैं. स्वास्थ्य संबंधी सलाह देने वाली दुनिया की दिग्गज अमेरिकी एजेंसी एफडीए ने आगाह किया है कि इससे गंभीर साइड इफेक्ट हो सकते हैं.एलर्जी की कुछ दवाओं से मरीज भयंकर खुजली के शिकार हो सकते हैं.
साइड इफेक्ट देखने को मिल सकते हैं
अमेरिकी फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने एलर्जी की बेहद लोकप्रिय दवाओं में ऐसे शारीरिक दुष्प्रभाव देखने को मिल सकते हैं. सैकड़ों मरीजों में ऐसे लक्षण देखे गए हैं. एजेंसी ने कहा कि लंबे वक्त एलर्जी की दवाएं लेने वाले मरीजों ने जब खुराक लेना बंद किया तो उन्हें भयंकर खुजली (pruritus) होने लगी, जो दिन रात उन्हें परेशान करती थी. सैकड़ों मरीजों का अध्ययन कर ये सलाह दी गई. दोबारा ये दवाएं लेने से ही उन्हें राहत मिली.
त्वचा में खुजली की परेशानी
एफडीए का कहना है कि वैसे तो खुजली एक सामान्य परेशानी है, लेकिन ये आपकी कार्यक्षमता प्रभावित करती है. आप घर या ऑफिस में चैन से नहीं बैठ सकते. कुछ मामलों में तो मरीजों को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा. एफडीए अब ऐसी दवाओं की चिकित्सकीय सलाह को लेकर अपनी गाइडलाइन में बदलाव कर रहा है और उसमें चेतावनी संबंधी परामर्श जोड़ रहा है.
अमेरिकी स्वास्थ्य एजेंसी का कहना है कि अगर आप ऐसी दवाएं ले रहे हैं तो चिकित्सक के सलाह के ही लें. उससे होने वाले साइड इफेक्ट के बारे में भी अपने डॉक्टर से जरूर पूछें. बिना किसी बड़ी परेशानी के अपनेआप ऐसी दवाओं की आदत न डालें. अगर शुरुआती तौर पर साइड इफेक्ट दिखते हैं तो दवा का इस्तेमाल कर डॉक्टरी सलाह लें.
