नई दिल्ली:– हिंदू धर्म में पूजा-पाठ करने के साथ-साथ दान करने का भी बहुत खास महत्व बताया गया है। शास्त्रों के अनुसार, दान करने से व्यक्ति को पुण्य फल की प्राप्ति होती है और भगवान की विशेष कृपा प्राप्त होती है। लेकिन दान करने का भी शुभ और अशुभ समय होता है। शास्त्रों में शाम के समय कुछ चीजों को करना विशेष रूप से वर्जित बताया गया है। इनका पालन न करने से घर से बरकत जाने लगती है और व्यक्ति को गरीबी का सामना भी करना पड़ सकता है। इसलिए कहा गया है कि चाहे कोई आपका कितना भी सगा हो, उसे शाम के वक्त कुछ चीजें गलती से भी दान नहीं करनी चाहिए। आइए विस्तार से जानें इन चीजों के बारे में…
मान्यता है कि शाम के समय भूलकर भी किसी को नमक दान नहीं करना चाहिए। यह घर की सबसे जरूरी चीजों में से एक है। ऐसे में अगर आप शाम के समय नमक किसी को दान करते हैं, तो इससे परिवार के सदस्यों की तरक्की पर बुरा प्रभाव पड़ता है। साथ ही, सफलता में बार-बार रुकावटें आनी शुरू हो सकती हैं और जीवन में कई परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। दान करने के अलावा, अगर शाम को आपसे कोई नमक मांगने आए, तो उसे भी नमक देने से बचना चाहिए।
हमें अक्सर घर में कुछ चीजों को सिलने के लिए सुई की जरूरत पड़ती रहती है। ऐसे में सुई हमारी जरूर चीजों में से एक है। शास्त्रों में बताया गया है कि शाम के समय सुई किसी भी व्यक्ति को नहीं देनी चाहिए और न ही इसका दान करना चाहिए। ऐसा करने से घर की आर्थिक स्थिति पर बुरा प्रभाव पड़ सकता है और परिवार के सदस्यों को पैसों की तंगी का सामना करना पड़ता है। यही कारण है कि शाम के समय सुई का दान करने की मनाही होती है।
वास्तु शास्त्र में शाम के समय धन का दान करने की विशेष रूप से मनाही होती है। साथ ही, शाम को किसी व्यक्ति को धन उधार न देना चाहिए और न ही किसी से उधार लेना चाहिए। ऐसा करने से गरीबी आपके गले पड़ सकती है। माना जाता है कि सूर्यास्त के बाद घर में मां लक्ष्मी का आगमन होता है। ऐसे में अगर आप इसी समय पैसों का दान करते हैं, तो माता लक्ष्मी घर से जा सकती हैं और आपको समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
मान्यताओं के अनुसार, शाम के समय तुलसी को स्पर्श करने की भी मनाही होती है। ऐसे में अगर आप किसी को तुलसी का पौधा दान करती हैं, तो इससे घर में दरिद्रता हो सकती है। वास्तु शास्त्र के मुताबिक, तुलसी में माता लक्ष्मी का वास होता है। ऐसे में इस पौधे को शाम के समय दान करने से माता लक्ष्मी रुष्ट हो सकती हैं और घर से चली जाती हैं। इसी के चलते परिवार के सदस्यों को धन की हानि का सामना भी करना पड़ सकता है। साथ ही, शाम को तुलसी के पौधे में जल भी अर्पित नहीं करना चाहिए। इस समय आप केवल तुलसी के पास दीपक जला सकते हैं।
ज्योतिषशास्त्र में बताया गया है कि दही का संबंध सीधा शुक्र ग्रह से होता है। ऐसे में शाम के समय दही का दान करने से व्यक्ति के जीवन से सुख जाने लगता है और कुंडली में शुक्र ग्रह कमजोर हो सकता है। मान्यता है कि खासतौर पर शुक्रवार के दिन सूर्यास्त के बाद दही का दान नहीं करना चाहिए। ऐसा करने से जाकर के घर में सुख और वैभव की कमी आ सकती है। इसके अलावा, कहा जाता है कि शाम को हल्दी का दान भी नहीं करना चाहिए। इससे कुंडली में गुरु ग्रह कमजोर हो सकता है।
