दुर्ग :- लोकसभा क्षेत्र से सांसद विजय बघेल आगामी 11वें ब्रिक्स सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए ब्राजील रवाना हो रहे हैं. यह छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है कि राज्य से केवल विजय बघेल ही ऐसे सांसद हैं जो इस महत्वपूर्ण अंतर्राष्ट्रीय मंच पर न सिर्फ दुर्ग बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की ओर से हिस्सा ले रहे हैं. ये सम्मेलन 3, 4 और 5 जून को ब्राजील में आयोजित किया जाएगा.
वैश्विक विषयों पर चर्चा करेंगे सांसद : आपको बता दें कि ब्रिक्स एक महत्वपूर्ण वैश्विक मंच है, जिसमें ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं. इस वर्ष इस संगठन में पांच नए देशों के जुड़ने की संभावना भी जताई जा रही है. इस संगठन का उद्देश्य वैश्विक आर्थिक विकास, सामाजिक उन्नति, महिला सशक्तिकरण, और आतंकवाद जैसे अहम मुद्दों पर साझा रणनीति तैयार करना है.सांसद विजय बघेल ने बताया कि वे ब्रिक्स महिला सांसदों की बैठक और अंतर्राष्ट्रीय मामलों की समितियों के अध्यक्षों की बैठक में भी शामिल होंगे.
इन बैठकों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के युग में महिलाओं की भूमिका, जलवायु परिवर्तन से निपटने में महिला नेतृत्व, और ब्रिक्स 2025 एजेंडा में महिला सांसदों के योगदान जैसे विषयों पर चर्चा होगी. ब्रिक्स सम्मेलन का उद्घाटन समारोह भव्य तरीके से आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद ‘वैश्विक स्वास्थ्य के लिए ब्रिक्स अंतर-संसदीय गठबंधन और आर्थिक विकास के नए रास्तों की तलाश’ जैसे विषयों पर कार्यसत्र होंगे. इसके अलावा सम्मेलन में जलवायु और स्थिरता पर अंतर-संसदीय संवाद, जिम्मेदार और समावेशी एआई के लिए सहयोग तथा बहुपक्षीय शांति एवं सुरक्षा ढांचे में सुधार पर भी चर्चा की जाएगी- विजय बघेल,सांसद
इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे, जिसमें राज्यसभा से हरिवंश, सुरेंद्र सिंह और विवेक ठाकुर और लोकसभा से डॉ. साहबारी बाय रेड्डी, उत्पल कुमार सिंह और पी. सी. मोदी शामिल हैं. विजय बघेल ने इस महत्वपूर्ण मंच पर शामिल होने का अवसर देने के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का आभार प्रकट किया है. यह सहभागिता छत्तीसगढ़ की अंतरराष्ट्रीय पहचान को और मजबूत करेगी और राज्य के विकास में नई संभावनाएं खोलेगी.