गंगटोक:- उत्तरी सिक्किम के मंगन जिले में 11 पर्यटकों को ले जा रहा एक वाहन गहरी खाई में गिर गया और तीस्ता नदी की ओर लुढ़क गया. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए और आठ अन्य लापता बताए जा रहे हैं.पुलिस ने आज यह जानकारी दी.
पुलिस ने बताया कि यह घटना गुरुवार देर रात उत्तरी सिक्किम के चुंगथांग-मुन्सिथांग रोड पर उस समय हुई, जब ओडिशा और बंगाल के पर्यटकों को लेकर एक वाहन लाचुंग से लाचेन जा रहा था. भारी बारिश के बीच और सड़क पर खड़ी चढ़ाई से गुजरते समय चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया. वाहन फिसल गया और करीब 1,000 फीट नीचे तीस्ता नदी में गिर गया.
घायल लोगों को बचा गया
मंगन के पुलिस अधीक्षक सोनम देचू भूटिया ने बताया कि खाई से अब तक एक शव बरामद किया गया है और दो गंभीर रूप से घायल लोगों को बचा लिया गया है. भूटिया ने बताया कि चालक सहित वाहन में सवार आठ अन्य लोग अभी भी लापता हैं.
बचाव अभियान जारी
पुलिस ने बताया कि भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP), स्थानीय प्रशासन और सिक्किम पुलिस कर्मियों की त्वरित प्रतिक्रिया टीमों द्वारा बचाव अभियान जारी है. अधिकारियों ने बताया कि गोताखोरों और उच्च ऊंचाई वाले बचाव इकाइयों को भी बचाव प्रयासों में लगाया गया है, लेकिन दुर्गम इलाका बचावकर्मियों के लिए चुनौती बन रहा है.
घायलों को आगे के इलाज के लिए गंगटोक के STNM अस्पताल लाया गया है. अधिकारियों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और पूरे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है.