नई दिल्ली:– कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर रामनगरी अयोध्या में भी स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। यहां नौ जून से एंटीजन टेस्ट शुरू हो जाएंगे। यह एंटीजन टेस्ट राम मंदिर के सामने, हनुमानगढ़ी के सामने, एयरपोर्ट, अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन, अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन, सभी सीएचसी, सरकारी अस्पतालों के साथ अयोध्या धाम और अयोध्या कैंट बस स्टेशन पर भी किए जाएंगे। सीएमओ डॉ. सुशील कुमार बनियान ने बताया कि कोरोना को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। हालांकि अभी कोविड के एक भी केस रामनगरी में सामने नहीं आए हैं लेकिन स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। जो यात्री, पर्यटक या श्रद्धालु फ्लाइट से आते हैं, उनका एंटीजन टेस्ट एयरपोर्ट पर किया जाएगा। जो ट्रेन से आते हैं, उनका टेस्ट अयोध्या धाम और कैंट रेलवे स्टेशन पर किया जाएगा। सीएमओ ने बताया कि जिले में 24 सीएचसी, दो बस स्टैंड, दो रेलवे स्टेशन और एक एयरपोर्ट है। इसके साथ ही राम मंदिर व हनुमानगढ़ी पर भी कोविड टेस्ट किए जाएंगे। इन सभी जगहों पर दो शिफ्ट में कोविड टेस्ट किए जाएंगे। सीएमओ ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि इसको आप लोग हल्के में न लें। हालांकि अभी कोविड के केस रामनगरी अयोध्या में नहीं हैं लेकिन कभी भी कहीं से भी आ सकता है। इसके लिए सावधानी पहले से ही बरतनी चाहिए। मास्क जरूर लगाए, सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें और हो सके तो उचित दूरी जरूर बनाएं।
