नई दिल्ली:– बाजार में आम देखते ही मु में पानी आ जाता है और हम में से ज्यादातर खुद को इसे खरीदने से रोक नहीं पाते हैं। ऐसे में, क्या आपने कभी सोचा है कि अगर आप हर दिन एक आम खाएं तो आपके शरीर पर इसका क्या असर होगा?
आइए जानते हैं एक्सपर्ट काम्या इस बारे में क्या कहती हैं और रोजाना आम खाने (Eating Mango Daily) से कौन-से फायदे और नुकसान हो सकते हैं। इसके अलावा, आप यह भी जानेंगे कि आम के न्यूट्रिशन्स को बढ़ाने के लिए आयुर्वेद के कुछ टिप्स आपकी किस तरह मदद कर सकते हैं। आइए जानें।
क्या होगा अगर आप गर्मियों में रोज एक आम खाते हैं?
एक्सपर्ट के अनुसार, अगर आपकी सेहत ठीक है, तो गर्मियों में रोज एक आम खाना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। जी हां, आम पोषक तत्वों से भरपूर होता है और इसके कई हेल्थ बेनिफिट्स हैं:
विटामिन-सी से भरपूर: आम विटामिन-सी का बेहतरीन सोर्स है, जो आपकी इम्युनिटी को मजबूत बनाता है और स्किन को हेल्दी रखने में मदद करता है।
हार्ट के लिए बेहतरीन: आम में पोटैशियम और मैग्नीशियम जैसे मिनरल्स होते हैं जो ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में मदद करते हैं और हार्ट को हेल्दी रखते हैं।
पाचन के लिए फायदेमंद: आम में फाइबर होता है जो पाचन क्रिया को दुरुस्त रखता है और कब्ज जैसी समस्याओं से बचाता है। यह आपकी गट हेल्थ के लिए भी बहुत बढ़िया है।
बेशक आम बेहद स्वादिष्ट और पौष्टिक फल है, लेकिन फिर भी कुछ लोगों को इसे खाने में सावधानी बरतनी चाहिए:
पित्त दोष वाले लोग: आम शरीर में गर्मी बढ़ाता है। इसलिए, जिन लोगों में पित्त दोष ज्यादा होता है (जैसे एसिडिटी, त्वचा पर चकत्ते, गुस्सा या सूजन), उन्हें ज्यादा आम खाने से बचना चाहिए।
मुहांसे या त्वचा एलर्जी वाले लोग: आम की तासीर गर्म होने के कारण यह त्वचा संबंधी समस्याओं को बढ़ा सकता है, खासकर गर्मियों में।
डायबिटीज के मरीज: आम में नेचुरल शुगर ज्यादा होती है। ऐसे में, एक्सपर्ट के मुताबिक इन्हें कम मात्रा में खाना चाहिए और इसमें दालचीनी या काली मिर्च जैसे मसालों को मिलाना भी फायदेमंद हो सकता है।
कमजोर पाचन वाले लोग: अगर आपकी पाचन शक्ति कमजोर है, तो ज्यादा आम खाने से भारीपन, पेट फूलना या दस्त हो सकते हैं।
खांसी/सर्दी या सांस से जुड़ी समस्याएं: खासतौर से कच्चे या अधपके आम खाने से कफ बढ़ सकता है और बलगम ज्यादा बन सकता है।
आयुर्वेदिक टिप्स के साथ लें आम का मजा
खाने से पहले पानी में भिगोएं: आम को खाने से 30 मिनट पहले पानी में भिगोने से उसकी गर्मी कम होती है।
संतुलित मात्रा में खाएं: आमतौर पर, एक दिन में एक आम खाना सुरक्षित माना जाता है।
दूध या दही के साथ न खाएं: आम को दूध या दही के साथ खाने से बचें क्योंकि इससे अपच हो सकती है (यह विरुद्ध आहार कहलाता है)।
गर्मी को बैलेंस करें: आम की गर्मी को संतुलित करने के लिए इसमें एक चुटकी इलायची या काली मिर्च मिलाएं।
