कोरबा:- पुलिस लाइन में शुक्रवार को 10 हजार लीटर से ज्यादा शराब को नष्ट किया गया. शराब की पेटियों पर बुलडोजर चलाया गया. छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज न्यायालय से निराकृत होने के बाद 1 हजार 866 प्रकरणों में जप्त लगभग 10,000 लीटर शराब नष्ट किया गया. इस दौरान जिले के एसपी मौजूद रहे. निर्धारित प्रावधानों के तहत पर्यावरण संरक्षण मंडल और अन्य विभागों की संयुक्त निगरानी में शराब को गड्ढे में डालकर और बुलडोजर से दबाकर नष्ट किया गया.
10 हजार लीटर शराब नष्ट:
नियमित अंतरालों पर पुलिस अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करती है. जो शराब जप्त किए जाते हैं उन्हें थाना, चौकियों के मलखाने में रखा जाता है. जिसे न्यायालय के आदेश पर ही नष्ट किया जा सकता है. शुक्रवार को अलग अलग प्रकरण में जप्त की गई शराब में 7 हजार 565 लीटर महुआ शराब, 1 हजार 356 लीटर देशी शराब और 990 लीटर अंग्रेजी शराब को नष्ट किया गया. सबसे अधिक 346 प्रकरण थाना कटघोरा, 209 प्रकरण थाना बांकीमोंगरा और 200 प्रकरण थाना बांगो से संबंधित हैं. शेष प्रकरण जिले के अन्य थानों से जुड़े थे.
कलेक्टर द्वारा गठित कमेटी के समक्ष कार्रवाई की गई:
पूरी कार्रवाई कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कोरबा द्वारा गठित समिति की उपस्थिति में संपन्न हुई. छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल से प्राप्त प्रमाण पत्र के आधार पर, यह नष्टीकरण पूरी पारदर्शिता और पर्यावरणीय मानकों के हिसाब से किया गया. पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई.
लावारिश वाहनों की निलामी:
इससे पूर्व कोरबा जिले में पुलिस द्वारा 852 लावारिस वाहनों की नीलामी और 652 विसरा प्रकरणों का भी विधिवत नष्टीकरण किया जा चुका है. एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि इस प्रकार की कार्रवाई से थानों में वर्षों से जमा अनुपयोगी जप्त शराब के व्यवस्थित निपटान में सहायता मिली है. यह न केवल कानूनी प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करती है, बल्कि थाना परिसरों में स्वच्छता, स्थान की उपलब्धता और सुव्यवस्था बनाए रखने की दिशा में भी महत्त्वपूर्ण कदम है. इससे कार्यरत पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए कार्यस्थल अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनता है. इसी क्रम में पूर्व में पुलिस द्वारा जर्जर वाहनों की भी नीलामी की गई थी. जिला पुलिस द्वारा थानों को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं उत्तरदायी बनाए रखने की दिशा में इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर रूप से की जाती रहेगी.