नई दिल्ली:- विधानसभा चुनाव में बीजेपी के हाथों मिली करारी शिकस्त के तीन महीने बाद पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल को बड़ी खुशखबरी मिली है। केजरीवाल की पार्टी आप ने चार राज्यों की 5 विधानसभा सीटों के उपचुनाव में दो सीटों पर जीत दर्ज की है। गुजरात की विसावदर सीट पर AAP कैंडिडेट गोपाल इटालिया 17554 वोटों से जीत गए हैं। उन्होंने भाजपा के कीर्ति पटेल को हराया। वहीं पंजाब की लुधियाना वेस्ट सीट पर AAP कैंडिडेट संजीव अरोड़ा ने 10637 वोटों जीत गए हैं। कांग्रेस के भारत भूषण आशु दूसरे नंबर पर रहे। लुधियाना वेस्ट सीट जीतने के साथ ही अरविंद केजरीवाल के राज्यसभा जाने का रास्ता साफ हो गया है। संख्याबल के मुताबिक धियाना वेस्ट सीट जीतना आप के लिए बहुत जरूरी था।
चुनाव आयोग की ओर से साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार विसावदर सीट पर आम आदमा पार्टी के गोपाल इटालिया को 75942 वोट मिले, जबकि उनके करीबी प्रतिद्वंद्वी और बीजेपी उम्मीदवार किरीट पटेल को 58388 वोट मिले। इस तरह गोपाल इटालिया ने किरीट पटेल को 17554 वोटों से हरा दिया।
पंजाब उपचुनाव: लुधियाना वेस्ट से जीते संजीव अरोड़ा
इधर लुधियाना वेस्ट पर उपचुनाव में आम आदमी पार्टी उम्मीदवार संजीव अरोड़ा ने शानदार जीत हासिल कर ली है। AAP उम्मीदवार संजीव अरोड़ा ने कांग्रेस के भारत भूषण आशु को 10637 वोटों से हराया। वहीं, तीसरे नंबर पर BJP के जीवन गुप्ता और चौथे नंबर पर शिरोमणि अकाली दल के परउपकार सिंह घुम्मन रहे। ये काउंटिंग खालसा कॉलेज फॉर विमेन के ऑडिटोरियम में हुई। सबसे पहले पोस्टल बैलेट गिने गए। इसके बाद EVM से वोटों की गिनती हुई।
केजरीवाल का राज्यसभा जाना संभव
पंजाब की लुधियाना वेस्ट आम आदमी पार्टी के पास थी। लुधियाना वेस्ट से AAP ने राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को कैंडिडेट बनाया है। अरोड़ा विधायक बनते हैं तो उन्हें राज्यसभा सीट छोड़नी होगी, जिससे यह सीट खाली हो जाएगी। कयास लगाए जा रहे हैं कि AAP अरविंद केजरीवाल को पंजाब से राज्यसभा भेज सकती है।
