नई दिल्ली:– हरियाणा के रोहतक में एक युवक ने पत्नी से तंग आकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान डोभ गांव निवासी मगन के रूप में हुई है। मगन ने जान देने से पहले एक वीडियो बनाया, जिसमें उसने पत्नी दिव्या और उसके प्रेमी दीपक कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। मगन ने वीडियो बनाकर अपनी बहन को भेजा इसके बाद खेत में जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
बहन के लिए बनाए गए वीडियो में मगन ने बताया कि उसकी पत्नी दिव्या का महाराष्ट्र पुलिस में कांस्टेबल पद पर तैनात दीपक से प्रेम संबंध है। वह लंबे समय से महाराष्ट्र के एक होटल में काम कर रही थी। वहीं दिव्या और दीपक की मुलाकात हुई। इसके बाद दोनों का अफेयर शुरू हो गया।
मगन ने बताया कि दोनों के होटल रूम में अश्लील डांस करते हुए वीडियो भी सामने आए हैं, जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहे हैं। मृतक ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी ने दीपक की प्रमोशन के लिए उससे 5 लाख रूपये मांगे। उसने पैसे वसूलने के लिए उस पर दबाव बनाए। मगन ने वीडियो में बताया कि दिव्या चाहती थी कि मैं अपने पिता की हत्या कर दूं, जिसके बाद सारी प्रॉपर्टी मेरे नाम आ जाए, उसके बाद जमीन जायदाद सब बेंचकर मुंबई शिफ्ट हो जाएं।
मगन ने मजबूर होकर लगाई फांसी
हालांकि मगन पत्नी दिव्या और उसके प्रेमी का दबाव झेल नहीं पाया। उसने अपने पिता की हत्या करने के बजाय खुद को सूली पर चढ़ाने का फैसला लिया। परिजनों के अनुसार मगन ने दिव्या के अवैध संबंध के बारे में कभी किसी को कुछ नहीं बताया। वह अंदर-अंदर घुट रहा था। इसके बाद अपनी जीवन लीला समाप्त करने का फैसला लिया।
दिव्या और मगन की लव मैरिज हुई थी
घटना का वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो मगन के पिता रणबीर ने बताया कि बेटे की आत्महत्या के लिए दिव्या और उसके प्रेमी दीपक हैं। उनकी प्रताड़ना के चलते उसने यह खतरनाक कदम उठाया है। उन्होंने बताया कि दिव्या और मगन की मुलाकात टिकटॉक के जरिए हुई थी। दोनों ने 2019 में लव मैरिज शादी की थी। उनका चार साल का एक बेटा भी है। मगन डिलीवरी ब्वॉय का काम करता है। रणबीर ने बताया कि मगन मेरा इकलौता बेटा था।
