उत्तराखंड :– मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को अपने खेत में धान की रोपाई कर किसानों की मेहनत और लगन को नमन किया। सीएम धामी ने खुद खेत में हल चलाया और धान की रोपाई में हिस्सा लेकर किसानों का उत्साहवर्धन किया। सीएम ने कहा कि खेतों में उतरकर पुराने दिनों की यादें ताजा हो गईं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा- खटीमा के नगरा तराई में अपने खेत में धान की रोपाई कर किसानों के परिश्रम, त्याग और समर्पण को अनुभव कर पुराने दिनों को याद किया। अन्नदाता न केवल हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं बल्कि संस्कृति और परंपरा के वाहक भी हैं।
सामने आया बैल हांकने का वीडियो
उन्होंने कहा कि इस अवसर पर उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा “हुड़किया बौल” के माध्यम से भूमि देवता भूमियां, जल देवता इंद्र, छाया देवता मेघ की पूजा भी की गई। धामी के खेत में बैल हांकने और धान रोपाई करने का वीडियो भी सामने आया है।
और क्या बोले पुष्कर सिंह धामी?
मुख्यमंत्री धामी ने आगे कहा कि राज्य के अन्नदाताओं ने सदैव इस पावन भूमि का अपने अथक परिश्रम से श्रृंगार किया है। अपनी जड़ों से लगाव स्वयं के अस्तित्व और व्यक्तित्व का बोध कराता है। उन्होंने कहा कि किसान न केवल हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, बल्कि वे हमारी संस्कृति और परंपराओं के वाहक भी हैं।
आपको बता दें कि सीएम धामी ने मुख्यमंत्री के तौर पर अपने कार्यकाल के चार साल पूरे होने के अवसर पर बीते कल यानी शुक्रवार 4 जुलाई को गंगा तट पर हर की पौड़ी पर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
