छत्तीसगढ़ के मैनपाट में आज से BJP के 3 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू हो चुका है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शिविर का शुभारंभ किया. खराब मौसम के चलते जेपी नड्डा दरिमा एयरपोर्ट से सड़क मार्ग के जरिए मैनपाट पहुंचें हैं. इसके अलावा इस शिविर में केंद्रीय मंत्री अमित शाह, शिवराज सिंह चौहान समेत कई बड़े बीजेपी नेता अलग-अलग दिन पहुंचने वाले हैं.
ट्रेन से पहुंचे मुख्यमंत्री: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और डिप्टी सीएम विजय शर्मा दुर्ग अंबिकापुर ट्रेन से सुबह ही अंबिकापुर पहुंच गये थे. वहां दोनों ने महामाया मंदिर में दर्शन किया और दरिमा एयरपोर्ट में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को रिसीव किया. विमान से नड्डा अंबिकापुर के दरिमा एयरपोर्ट तक तो आ गए लेकिन दरिमा से मैनपाट तक इन सभी नेताओं को हेलिकॉप्टर से आना था. खराब मौसम के कारण हेलिकॉप्टर नहीं उड़ सका. इसके बाद सभी सड़क मार्ग से दरिमा से मैनपाट पहुंचे.
मैनपाट में ‘सरकार’: प्रशिक्षण शिविर में 3 दिनों तक प्रदेश की सरकार यानी मुख्यमंत्री, 10 मंत्री, 44 विधायक और 10 बीजेपी सांसद भी मौजूद रहेंगे. सुबह से ही प्रदेश के सभी भाजपा सांसद विधायक-मंत्री मैनपाट पहुंच चुके हैं. इस दौरान रोपाखर जलाशय के किनारे भाजपा नेताओं ने वृक्षारोपण भी किया. फिलहाल मैनपाट में तेज बारिश हो रही है, हालांकि पूरा कार्यक्रम इनडोर है.
बीजेपी के प्रशिक्षण शिविर की डिटेल, कौन-कौन देगा ट्रेनिंग
7 जुलाई- बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश, राष्ट्रीय संगठक वी. सतीश, प्रदेश प्रभारी नीतिन नबीन
8 जुलाई- केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े
9 जुलाई- समापन समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शामिल होंगे. महापौर की भी ट्रेनिंग होगी.