नई दिल्ली:– सैटेलाइट इंटरनेट सेवाएं मुहैया कराने वाली एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों को अपने साथ जोड़ने के लिए ऑफर्स की पेशकश करती है। स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट को चलाने में ब्रॉडबैंड इंटरनेट और मोबाइल इंटरनेट से ज्यादा पैसा खर्च होता है। ऐसे में जिन देशों में इसकी सर्विस उपलब्ध है, वहां के यूजर्स भी ऑफर का इंतजार करते हैं। कंपनी लोगों की इस नब्ज को समझती है और स्टारलिंक सर्विस के लिए जरूरी किट को कम से कम दाम में उपलब्ध कराने की कोशिश करती है। स्टारलिंक की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के अनुसार, स्टारलिंक किट को फ्री में लिया जा सकता है। ऑफर की आखिरी तारीख 22 जुलाई है। इसके लिए एक शर्त भी है। लेकिन खबर पर आगे बढ़ने से पहले ही आपको बता देना चाहते हैं कि यह ऑफर भारतीयों के लिए नहीं है।
स्टारलिंक की वेबसाइट के अनुसार, फ्री किट का ऑफर अमेरिका की चुनिंदा लोकेशंस पर दिया जा रहा है। करीब 349 डॉलर यानी 29 हजार रुपये की किट को बिना कोई पैसा दिए लिया जा सकता है। हालांकि फ्री किट सिर्फ उन्हीं ग्राहकों को दी जाती है जो 12 महीनों का प्लान खरीदते हैं। स्टारलिंक का लाइट प्लान लेने वाले यूजर्स भी अगर 12 महीनों तक सर्विस इस्तेमाल करने की गारंटी देते हैं तो उन्हें फ्री किट दी जाती है।
आप सोच रहे होंगे कि इस खबर के भारत के लिए क्या मायने हैं। बुधवार को ही एलन मस्क की स्टारलिंक को भारत सरकार से फाइनल अप्रूवल मिला है। इसका सीधा मतलब है कि आने वाले वक्त में स्टारलिंक की सैटेलाइट इंटरनेट सेवाएं भारत में शुरू होंगी। यह एक खर्चीली सर्विस है, जिसका बड़ा हिस्सा स्टारलिंक की किट खरीदने में चला जाएगा। पड़ोसी देश बांग्लादेश और श्रीलंका में स्टारलिंक आ चुका है और वहां किट खरीदने पर लगभग 30 से 32 हजार रुपये खर्चेने पड़ रहे हैं। अगर भारत में कंपनी 12 महीनों के रिचार्ज के साथ किट को फ्री में उपलब्ध कराती है तो लोगों को बड़ी सहूलियत हो सकती है।
बुधवार को स्टारलिंक को सरकार से फाइनल अप्रूवल मिल गया है। रिपोर्टों के अनुसार, अब कंपनी अपने इंफ्रास्ट्रक्चर पर काम शुरू करेगी। शुरुआत में जो ट्रायल किए जाएंगे उसमें सिक्योरिटी एजेंसियां कंपनी के नेटवर्क और सिग्नलों को परखेंगी। कहा जाता है कि उसके बाद ही कमर्शल सर्विस शुरू हो पाएगी। इसमें कुछ महीनों का टाइम लग सकता है। स्टारलिंक ने अपनी सर्विस के रोलआउट के लिए जियो और एयरटेल से पहले से पार्टनरशिप की हुई है। स्टारलिंक के अलावा भारत में एयरटेल के समर्थन वाली वनवेब और जियो को भी सर्विस शुरू करने के लिए लाइसेंस मिला है।
