नई दिल्ली:– गर्मी के मौसम में बिजली की ज्यादा खपत होती है। बिजली की खपत होने से बिल भी ज्यादा आता है। ऐसे में लोग बिजली की बचत के जुगाड़ अपनाते हैं। मोदी सरकार की एक योजना ऐसी है जिसके लाभार्थी मुफ्त बिजली का फायदा उठा सकते हैं। योजना का मुख्य लक्ष्य 1 करोड़ घरों की छतों पर सौर पैनल स्थापित करना है, ताकि हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली प्रदान की जा सके।
योजना के फायदे
यह योजना सब्सिडी वाले छत सौर पैनलों की स्थापना के माध्यम से घरों को मुफ्त बिजली प्रोवाइड करती है, जिससे उनकी ऊर्जा लागत में काफी कमी आती है। योजना से सरकार को बिजली की लागत में प्रतिवर्ष अनुमानित 75,000 करोड़ रुपये की बचत होने की उम्मीद है। परिवारों को 3 किलोवाट तक की आवासीय छत सौर (आरटीएस) प्रणाली की स्थापना के लिए लगभग 7% ब्याज पर संपार्श्विक-मुक्त, कम ब्याज वाले लोन तक पहुंच प्राप्त होगी।
आवेदन की प्रक्रिया
प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के लिए ऑफिशियल वेबसाइट पर विजिट करना होगा। इसके अगले स्टेप में रजिस्ट्रेशन के लिए पर्सनल डिटेल एंटर करना होगा। इसके बाद कंज्यूमर नंबर और मोबाइल नंबर एंटर करना होगा। इसके बाद रूफटॉप सोलर के लिए फॉर्म फाइल करना होगा।
डिस्कॉम का अप्रूवल है जरूरी
इसके बाद ऑनलाइन एप्लीकेशन फॉर्म भरना जरूरी है। इसके अगले स्टेज में डिस्कॉम का अप्रूवल लेना होगा और रजिस्टर्ड वेंडर से प्लांट इंस्टॉल करना पड़ेगा। इसके बाद नेट मीटर के लिए अप्लाई करना होगा। नेट मीटर इंस्टॉलेशन और डिस्कॉम अप्रूवल के बाद पोर्टल से कमीशनिंग सर्टिफिकेट जरूरी है। इसके बाद बैंक डिटेल और कैंसल चेक सब्मिट करने के बाद 30 दिन में सब्सिडी मिल जाएगी। बता दें कि पीएम-सूर्य घर योजना के अंतर्गत अब तक लगभग 15 लाख घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित किए जा चुके हैं।
पात्रता मानदंड
आवेदक को भारतीय नागरिक होना चाहिए। मुख्य रूप से मध्यम और निम्न-आय वर्ग (वार्षिक आय 2 लाख रुपये से कम) के परिवारों को प्राथमिकता दी जाती है। आवेदक के पास वैध बिजली कनेक्शन के साथ स्वामित्व वाली संपत्ति (छत) होनी चाहिए।
