कवर्धा:- मानसून सत्र के तीसरे दिन पंडरिया विधायक भावना बोहरा उत्कृष्ट विधायक सम्मान से सम्मानित की गईं. बजट सत्र 2024-25 के अंतिम दिन विधानसभा अध्यक्ष डॉ.रमन सिंह ने उत्कृष्ट विधायकों की घोषणा की थी. पंडरिया विधायक भावना बोहरा को वर्ष 2024-25 के लिए उत्कृष्ट विधायक के रूप में उनके नाम का ऐलान किया गया था. भावना बोहरा ने वर्ष 2024-25 की अवधि में संपन्न हुए बजट सत्र, मानसून सत्र एवं शीतकालीन सत्र में विधानसभा में विभिन्न विषयों पर चर्चा के दौरान सक्रियता से भाग लिया. वहीं क्षेत्र एवं प्रदेश से जुड़ें प्रमुख मुद्दों और जनता के हित को ध्यान में रखते हुए उनकी समस्याओं के समाधान व आवश्यकताओं को लेकर मुखर रहीं.
भावना बोहरा चुनी गईं उत्कृष्ट विधायक: भावना बोहरा ने पंडरिया विधानसभा सहित प्रदेश में संचालित हो रहे विकास कार्यों और योजनाओं के साथ-साथ सरकार का पक्ष भी रखा. वे लगातार विधानसभा में उपस्थित रहीं एवं सदन की गतिविधियों में सक्रियता से भाग लिया. मानसून सत्र में भी उनके द्वारा लगातार क्षेत्र और प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों सहित महिला, युवा, उद्योग,शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे विभिन्न विषयों से जुड़ें प्रश्न सदन में उठाती रहीं.
सेंट्रल हॉल: बुधवार को विधानसभा परिसर स्थित सेंट्रल हॉल के समक्ष आयोजित “उत्कृष्टता अलंकरण समारोह” में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने पंडरिया विधायक को प्रतीक चिन्ह और प्रशस्ति पत्र भेंट कर उत्कृष्ट विधायक सम्मान से सम्मानित किया. इस दौरान कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह , मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, नेता प्रतिपक्ष चरणदस महंत , संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप और समस्त मंत्री, विधानसभा सदस्य में उपस्थित रहे
राज्यपाल ने की तारीफ: राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि उत्कृष्ट विधायक के लिए चयनित भावना बोहरा को हार्दिक बधाई देता हूं आपने जनहित, संसदीय गरिमा के लिए जो योगदान दिया है जो प्रेरणादायी है. आप पहली बार विधानसभा सदस्य के रूप में चुनकर आईं हैं और उत्कृष्ट विधायक का आपको सम्मान मिला यह बहुत ही गौरव की बात है।.
डॉ रमन सिंह ने की प्रशंसा: विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि उत्कृष्ट विधायक का सम्मान मिलने पर मैं भावना बोहरा को बधाई देता हूं. पहली बार जीतकर आईं और विधानसभा की कार्यवाही में सक्रियता से हिस्सा लिया, क्षेत्र के मुद्दों और जनता की बातों को सदन में मुखरता से रखा.
सीएम साय ने दी बधाई: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि मैं पंडरिया विधायक भावना बोहरा को इस सम्मान के लिए बधाई देता हूं. आप निरंतर इसी प्रकार जनता के हितों के प्रति अपने दायित्वों को पूरा करती रहें और विधानसभा में आपकी सक्रियता ऐसे ही बनी रहे, मेरी शुभकामनाएं हैं. इस दौरान मौजूद नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदस महंत समेत सभी मंत्री और विधायकों ने विधायक भावना बोहरा को उत्कृष्ट विधायक का सम्मान मिलने पर बधाई शुभकामनाएं दी.
मार्गदर्शन और सहयोग के लिए जताया आभार: सम्मानित किए जाने पर भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा की उत्कृष्ट जनता के आशीर्वाद, सहयोग एवं मार्गदर्शन से मुझे यह सम्मान मिला है. मैं पंडरिया विधानसभा के प्रत्येक नागरिक को ये सम्मान समर्पित करती हूं. एक जनप्रतिनिधि के रूप में यह सम्मान मिलना मेरे लिए जितनी गर्व की बात है उतनी ही बड़ी जिम्मेदारी भी है. यह सम्मान मुझे और भी प्रेरित करेगा अपने दायित्वों को पूरा करने एवं पंडरिया विधानसभा की जनता ने जो जिम्मेदारी मुझे सौंपी है उन्हें उनकी आकाँक्षाओं अनुरूप पूरा करने में. इस सम्मान के प्रति मैं निरन्तर अपने दायित्वों को पूरा करती रहूंगी.