नारायणपुर :- अबूझमाड़ के घने जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई.जिसमें 6 नक्सली ढेर हुए हैं,जिसमें डिविजन कमांडर लच्छू पुनेम उर्फ राहुल शामिल है.इस मुठभेड़ में फोर्स ने चार महिला और दो पुरुष नक्सलियों के शव बरामद किए हैं. मौके से AK-47, SLR, BGL लांचर और नक्सली साहित्य सहित भारी मात्रा में हथियार और सामग्री बरामद हुई है
गुप्त सूचना पर रवाना हुई टीम : सुरक्षा एजेंसियों को अबूझमाड़ क्षेत्र में सक्रिय नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता जानकारी मिली थी. इसके बाद जिला पुलिस, DRG और ITBP की संयुक्त टीमों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया. सुरक्षाबलों ने इलाके को चारों ओर से घेरते हुए नक्सलियों पर दबाव बनाया.इसके बाद नक्सलियों ने फायरिंग शुरु की जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में 6 नक्सली ढेर हो गए. मुठभेड़ के बाद जवानों ने बरामद शवों को जंगल से निकालकर जिला मुख्यालय लाया.जहां सभी नक्सलियों की शिनाख्त की गई. आईए आपको बताते हैं मुठभेड़ में मारे गए नक्सली कौन थे.
01- लच्छू पुनेम ऊर्फ राहुल-(32 वर्ष) DVCM-वन आर कमांडर साकिन उल्ला थान बासागुड़ा, जिला बीजापुर
02 -कोक्सा ऊर्फ हरीश (30 वर्ष) कमलापुरम,थाना-जिला बीजापुर उसूर
03 – ततिः ईंगी-(25 वर्ष) साकिन सुरपन गुडा, थाना -जंगरगोण्डा जिला सुकमा
04 -ताती छोटी- ऊर्फ मीना, ऊर्फ सोमारी (22 वर्ष) साकिन तोड्का, थाना-गंगालुर,जिला-बीजापुर
05 -बुदरी मुड़ामी (20 वर्ष) साकिन मुलेशकट्टा, थाना- ओरछा, जिला-नारायणपुर
06 -मनीषा ग्रेटामी (20 वर्ष) इल वाला गांव, थाना साकिन सोनपुर
फोर्स ने क्या किया बरामद : घटनास्थल से सुरक्षा बल ने AK-47, SLR राइफल, BGL लांचर, भारी मात्रा में गोलियां, विस्फोटक सामग्री, रेडियो सेट और नक्सली साहित्य भी बरामद किया है. साथ ही खाने-पीने और दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी मिली हैं, जो संकेत देती हैं कि नक्सली लंबे समय से इस इलाके में जमे हुए थे. पूरे अभियान को ‘ऑपरेशन मानसून’ के तहत अंजाम दिया गया. इस विशेष अभियान का उद्देश्य मानसून के दौरान नक्सलियों की गतिविधियों को रोकना और उन्हें उनके सुरक्षित ठिकानों से खदेड़ना है.
मानसून के मौसम में ऑपरेशन की गति और तेज की जाएगी.जवानों का मनोबल ऊंचा है और वे हर हाल में नक्सलियों का सफाया करने के लिए प्रतिबद्ध हैं- सुंदरराज पी,आईजी बस्तर
बिना किसी नुकसान के हुआ एनकाउंटर : वहीं इस बारे में गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि सशस्त्र बल के जवान कार्पा पुलिस कैप के उत्तर क्षेत्र में जहां से महाराष्ट्र की सीमा पड़ती है, वहां गुरुवार शाम जंगल में दाखिल हुए थे. 24 घंटे की दूरी तय करने के बाद शुक्रवार को बिना किसी नुकसान के एनकाउंटर में कामयाबी मिली है. जवानों ने 6 नक्सलियों के शव को बरामद कर लिया है और मारे गए नक्सलियों के पास से एसएलआर और एके 47 जैसे हथियार भी बरामद किए हैं.
गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि पहले बरसात में रास्ता बंद होने के कारण सर्चिंग बंद हो जाती थी. लेकिन अब जवानों के भुजाओं से नई कथा लिखी जा रही है. यह सब जवानों के शौर्य और ताकत से ही संभव हो पाया है. बस्तर बारिश में पानी से सराबोर हो जाता है. बरसात में जवान जंगलों में सर्चिंग ऑपरेशन चला कर नक्सली से लोहा ले रहे हैं और कामयाब हो रहे हैं. बस्तर को छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त बनाने की ओर आगे बढ़ रहे हैं. छत्तीसगढ़ नियत समय में नक्सल मुक्त हो जाएगा- विजय शर्मा, डिप्टी सीएम
आपको बता दें कि अबूझमाड़ जैसे दुर्गम और संवेदनशील क्षेत्र में सुरक्षाबलों की यह कार्रवाई नक्सली नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है.मुठभेड़ में शामिल जवानों ने जान जोखिम में डालकर सफलता हासिल की है, जो यह साबित करता है कि सरकार और सुरक्षा एजेंसियां अब मानसून में भी नक्सलियों को छिपने का मौका नहीं देंगे.
