नई दिल्ली:– बढ़ती उम्र के साथ झुर्रियां पड़ना आम बात है. लेकिन स्ट्रेस, प्रदूषण, गलत खानपान और नींद पूरी नहीं होने की वजह से आजकल एजिंग कम उम्र में होने लगी है. यही नहीं भारतीय त्वचा पर दाग-धब्बे और पिग्मेंटेशन भी होती है. ऐसे में कई महिलाएं बोटॉक्स ट्रीटमेंट लेती हैं लेकिन आप इसे नैचुरल तरीके से भी बेअसर कर सकती हैं. अगर आपको एजिंग की रफ्तार को कम करना है और स्किन को बेदाग बनाना है तो जापानी लोगों के ब्यूटी सीक्रेट को अपनाएं. वह चेहरे पर कई प्राकृतिक जड़ी-बूटी लगाते हैं जो भारत में भी मिलती हैं.
पेरिला के पत्तों में है जादू
पेरिला के पत्तों का इस्तेमाल जापानी और कोरियन क्यूजीन में होता है. भारत में इसे भंगजीरा कहते हैं. पहाड़ी लोग यहां इसकी चटनी बनाते हैं. भंगजीरा में एंटीऑक्टिडेंट गुण और ओमेगा 3 अच्छी मात्रा में होता है. यह जड़ी-बूटी स्किन के लिए बेस्ट है. अगर आपको बार-बार धूप में निकलना पड़ता है तो सूरज की अल्ट्रावॉयलेट किरणें चेहरे को नुकसान पहुंचाती हैं और समय से पहले झुर्रियां निकलने लगती हैं तो इस समस्या को दूर करने के लिए पेरिला को पीसकर चेहरे पर लगाएं, फायदा दिखेगा.
मैचा का ग्रीन फेसपैक स्किन को रखे यंग
मैचा एक जापानी ग्रीन टी पाउडर है जो भारतीय बाजार में हर जगह बिकता है. एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर मैचा स्किन को डैमेज होने से बचाता है और स्किन की फाइन लाइंस को दूर करता है. मैचा के पाउडर को दूध में मिलाकर फेस पैक बनाएं और 10 से 15 मिनट के लिए चेहरे पर लगाकर छोड़ दें. बाद में साफ पानी से मुंह धो लें. अगर आपको मैचा ना मिले तो तुलसी वाली ग्रीन टी से भी स्किन को डिटॉक्स कर सकते हैं.
शिताके मशरूम का मास्क
शिताके मशरूम जापान में बहुत मशहूर है. यह एंटी-एजिंग गुणों से भरपूर है. स्किन टोन को सुधारने में भी मददगार है. अगर अनईवन स्किन है यानी पिग्मेंटेशन या दाग-धब्बे हैं तो इसका मास्क लगाना फायदेमंद हैं. शिताके मशरूम एंटीऑक्सीडेंट और कोजिक एसिड से भरपूर होता है, जो स्किन को लाइटन करता है और फाइन लाइन्स को कम करता है. भारत में इसे पूर्वोत्तर और जम्मू-कश्मीर में उगाया जाता है. इस मशरूम को सुखाकर इसका पाउडर बना लें और गुलाब जल के साथ मिलाकर चेहरे पर लगाएं.
यूजू से मिनटों में चमकेगी त्वचा
यूजू जापान का एक खट्टा फल है जो कागजी नींबू जैसा होता है. यह विटामिन C से भरपूर होता है जो स्किन में कोलेजन को बढ़ाता है और स्किन को टाइट बनाता है. इससे स्किन हाइड्रेट रहती है और जब नमी बरकरार रहती है तो फाइन लाइंस या झुर्रियां नहीं पड़तीं. विटामिन सी की वजह से इससे स्किन टोन ब्राइट होती है और चेहरे के धब्बे दूर होते हैं. यूजू के रस में शहद मिलाकर हफ्ते में 2 बार लगाएं. स्किन की रंगत बदल जाएगी.
कोम्बु सीवीड से स्किन लगेगी फ्रेश
कोम्बु एक समुद्री शैवाल या पौधा है जो जापान में उपलब्ध है लेकिन अब यह भारत में कई ऑनलाइन स्टोर में मौजूद है. जापान के लोग इसे चेहरे पर लगाने के साथ-साथ सूप और दूसरे क्यूजीन में डालते हैं. इस सीवीड में आयोडीन और मिनरल्स की मात्रा ज्यादा होती है जिससे स्किन हाइड्रेट रहती है. स्किन डिटॉक्स होकर रीजनरेट होती है. आप इसका फेस पैक एलोवेरा जेल के साथ मिलाकर लगा सकते हैं. सूखने के बाद चेहरा धो लें. अगर कोम्बु ना मिले तो आप स्पिरुलिना पाउडर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
