नई दिल्ली:– बीजेपी के सदस्यता अभियान में निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने वाले कार्यकर्ताओं का छत्तीसगढ़ में सम्मान किया गया। शनिवार को सीएम आवास में ‘संगठन महापर्व: सदस्यता अभियान’ का आयोजन किया गया। इस आयोजन में उन कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने टारगेट को पूरा किया। सीएम साय ने निर्धारित अवधि में तय लक्ष्य से अधिक सदस्य बनाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और उनकी पूरी टीम का बधाई दी।
सीएम ने कहा- गौरव का अनुभव
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान में इतना बड़ा लक्ष्य हमने प्राप्त किया है, इसलिए बहुत ही गौरव का अनुभव हो रहा है। पार्टी के समर्पित व परिश्रम की पराकष्ठा करने वाले कार्यकर्ताओं का सम्मान आज यहां हुआ है। तीन महीने तक चले सदस्यता अभियान को हम सभी ने संगठन महापर्व के रूप में मनाया है। यह पूरा अभियान हमारे प्रदेश प्रभारी अनुराग सिंहदेव और उनकी पूरी टीम तथा सक्रिय सदस्यता अभियान संजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रदेश में चला है।
योजनाओं को घर-घर पहुंचाना लक्ष्य
सीएम ने कहा- 60 लाख प्राथमिक और 65 हजार सक्रिय सदस्यता का लक्ष्य हमने हासिल किया है। सभी वरिष्ठ नेताओं व पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में इतनी बड़ी सदस्यता का लक्ष्य हमने हासिल किया है। सभी कार्यकर्ताओ, पदाधिकारियों, मंत्रियों, विधायकों व सांसदों ने उन्हें दिए गए लक्ष्य को पूरा किया है। सभी समर्पित कार्यकर्ताओं पर अब बहुत बड़ी जिम्मेदारी है कि हमारी केंद्र व प्रदेश सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं को एक-एक कार्यकर्ता और मतदाता के घर तक पहुंचाना है।
सदस्यता अभियान में टॉप नेता
वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन
सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज
पंडरिया विधायक भावना वोहरा
बिलासपुर सांसद और केंद्रीय मंत्री तोखन साहू
कुरूद विधानसभा सीट से विधायक अजय चंद्राकर
सीएम का भी हुआ सम्मान
छत्तीसगढ़ में जिन नेताओं ने निर्धारित लक्ष्य को पूरा किया उन नेताओं को सदस्यता रत्न से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को भी सदस्यता रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया। 10 हजार से ज्यादा सदस्य बनाने पर सदस्ता रत्न सम्मान दिया गया। सीएम विष्णुदेव साय को क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने यह सम्मान देकर सम्मानित किया।
